बलरामपुर: भाई ने बहन पर चाकू से किया हमला, इलाज के दौरान नरगिस की मौत; आरोपी भी घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के पुरैनिया तालाब मोहल्ले में मंगलवार देर रात एक घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 से 10 बजे के बीच शफीक नामक युवक ने अपनी मौसेरी बहन नरगिस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
आरोपी ने खुद को भी मारा चाकू, अस्पताल में भर्ती
चाकू के वार से गंभीर रूप से घायल नरगिस को आनन-फानन में जिला मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी शफीक ने भी खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया। उसे भी गंभीर हालत में उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां तनाव की स्थिति बन गई।
पुलिस बल तैनात, मामले की जांच शुरू
हालात की गंभीरता को देखते हुए एएसपी विशाल पांडे और सीओ ज्योति फ़ौरन नगर कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। अस्पताल परिसर में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
एएसपी विशाल पांडे ने बताया कि परिजनों की तहरीर (शिकायत) के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। यह घटना पूरे इलाके में सनसनी फैलाने वाली साबित हुई है, और पुलिस अब इस घरेलू विवाद के हर पहलू की छानबीन कर रही है ताकि इसके पीछे का सही कारण पता चल सके।
Also Read: एशिया कप विवाद गहराया, PCB प्रमुख मोहसिन नकवी ने माफी मांगी, पर भारत को ट्रॉफी देने से किया इनकार

