Ayodhya News: ANDU कृषि विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह कल, 735 छात्रों को उपाधियां और 28 मेधावियों को मिलेगा पदक
Ayodhya News: आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (ANDU) में 5 अक्टूबर को 27वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर कुल 735 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां और 28 मेधावियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। समारोह में प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आज स्वर्ण जयंती मैदान में पूर्वाभ्यास किया जाएगा, जिसमें छात्र-छात्राओं को उपाधि वितरण, पदक सम्मान, दीक्षोपदेश और अन्य गतिविधियों का रिहर्सल कराया जाएगा।
स्वर्ण पदक आठ मेधावियों को प्रदान किए जाएंगे
कुलसचिव डॉ. पी.एस. प्रमाणिक ने बताया कि इस बार कुलाधिपति स्वर्ण पदक सात, कुलपति स्वर्ण पदक 13 और विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक आठ मेधावियों को प्रदान किए जाएंगे। स्नातक, परास्नातक और पीएचडी को मिलाकर कुल 735 विद्यार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी — इनमें स्नातक के 353, परास्नातक के 339 और पीएचडी के 43 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
उप कुलसचिव डॉ. रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस वर्ष उत्तीर्ण छात्रों के प्रमाणपत्र भारत सरकार के डिजी लॉकर प्लेटफॉर्म पर भी अपलोड किए जाएंगे, जिससे छात्रों को प्रमाणपत्र प्राप्त करने में सुविधा होगी।
समारोह में राज्यपाल करेंगी विशेष सम्मान वितरण
दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 100 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किट और 6 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करेंगी। इनमें सुल्तानपुर जनपद के धनपतगंज और बल्दीराय ब्लॉक की कार्यकत्रियां शामिल हैं।
इसके अलावा प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में आयोजित कहानी लेखन, पेंटिंग, भाषण और अन्य प्रतियोगिताओं में विजेता रहे छात्रों को भी राज्यपाल के हाथों से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और विभिन्न जिलों से आए कृषक भी मौजूद रहेंगे।
Also Read: Mathura News: यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत

