त्रिपुरा में BSF जवानों पर तस्करों ने बोला हमला, तीन जवान गंभीर रूप से घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास स्थित आशाबाड़ी में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों पर तस्करों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। 2 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे गेट नंबर 174 और 175 के पास BSF की 49वीं बटालियन के जवान तस्करी रोकने की कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान जवानों ने एक संदिग्ध तस्कर हफजुर रहमान को खदेड़ कर पकड़ लिया। इसके विरोध में तस्करों के गुट ने अचानक हमला बोल दिया और तीन जवानों को जमीन पर गिराकर बेदर्दी से पीटा तथा उनके हथियार छीनने का प्रयास किया। इस दौरान उपद्रवियों ने जवानों की सरकारी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद अशाबारी बॉर्डर आउटपोस्ट से अतिरिक्त बल के पहुंचने पर हमलावर मौके से फरार हो गए।

CM माणिक साहा ने जताई चिंता, 8 आरोपी गिरफ्तार

पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज पुलिस और BSF अधिकारियों ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने BSF जवानों पर हुए इस हमले की तीखी निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि सुरक्षा बलों पर इस प्रकार की हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएम साहा ने जानकारी दी कि मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अधिकारियों को सभी दोषियों पर कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना के बाद सीमावर्ती आशाबाड़ी क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Also Read: आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान मुरसु का तांडव, 5 राज्यों में हाई अलर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.