OBC वोट बैंक पर राजभर की ‘चिट्ठी पॉलिटिक्स’, सियासी दलों से पूछा- वोट या हक?
Sandesh Wahak Digital Desk: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) आरक्षण के मुद्दे पर विभिन्न राजनीतिक दलों को पत्र लिखने के बाद अब उन्हें 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है।
15 दिन बाद जनता के बीच जाने की चेतावनी
राजभर ने शनिवार को कहा कि वह अपने पत्र के जवाब का 15 दिन तक इंतजार करेंगे। यदि इस अवधि में दलों का रुख स्पष्ट नहीं होता है, तो वह जनता के बीच जाकर उनकी मंशा का खुलासा करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा, “अब राजनीतिक दलों को साफ करना होगा कि वे केवल पिछड़ों का वोट लेंगे या उन्हें उनका हक भी देंगे।”
मंत्री राजभर ने भाजपा, कांग्रेस, सपा, बसपा, निषाद पार्टी, राजद और अपना दल (एस) के अध्यक्षों को पत्र लिखकर ओबीसी आरक्षण को तीन श्रेणियों में बांटने (Sub-categorization) पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा था।
उन्होंने इस मुद्दे पर पिछली सरकारों को भी घेरा
उन्होंने कहा कि हुकुम सिंह समिति की रिपोर्ट आने के बाद भी, सपा और बसपा की सरकारों ने इसकी सिफारिशों को लागू नहीं किया, जिनमें आरक्षण के बंटवारे का सुझाव था। उन्होंने यह भी जोड़ा कि वर्तमान में रोहिणी आयोग की रिपोर्ट केंद्र के पास है, जिसमें पिछड़ी जातियों में आरक्षण के विभाजन का सुझाव है।
राजभर ने विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी ओबीसी आरक्षण लागू करने की मांग की है, जैसे कि पंचायत चुनावों में यह व्यवस्था लागू है। उनका मानना है कि तभी अतिपिछड़ी जातियों को उनका वास्तविक हक मिल पाएगा।
अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ पर तीखा हमला
ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश के पीडीए का असली मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ (परिवार विकास प्राधिकरण) है।
राजभर ने सवाल किया, “उनकी पीडीए पाठशाला में ‘ए’ से अखिलेश, ‘डी’ से डिंपल और ‘पी’ से परिवार पढ़ाया जाता है। वह बताएं कि राजभर, प्रजापति, पाल, चौहान, लोहार, विश्वकर्मा, निषाद, बिंद, केवट, मल्लाह, कश्यप, अर्कवंशी, बंजारा, बहेलिया, मौर्य, सैनी, माली और कुशवाहा कहां जाएं?”
उन्होंने अंत में कहा, “किस्मत के नाम पर पिछड़ी जातियों के साथ अब तक बहुत अन्याय हुआ। अब नहीं होने देंगे।”
Also Read: UP Politics: कांग्रेस हर मंडल में करेगी ‘सामाजिक न्याय सम्मेलन’, OBC वोट बैंक पर फोकस

