अब बीट सिपाही से लेकर थाना प्रभारी तक रहेंगे एक क्लिक की दूरी पर, वायरलेस सिस्टम हुआ अपग्रेड
Lucknow News: पुलिसिंग को और आधुनिक बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक बड़ी तकनीकी पहल की है। अब लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के सभी थाने और बीट सिपाही एक-दूसरे से वायरलेस सेट के माध्यम से सीधे वार्ता कर सकेंगे।
पहले जहां थानों पर लगे स्टैटिक वायरलेस सेट की रेंज मात्र 3 किलोमीटर और हैंडहेल्ड सेट की रेंज 1 किलोमीटर तक सीमित थी, वहीं अब यह पूरी प्रणाली अपग्रेड कर दी गई है।
रेडियो मुख्यालय ने लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के 1,765 वायरलेस सेटों को एक-दूसरे से कनेक्ट कर दिया है। यह सुविधा प्रदेश में पहली बार लागू की गई है, जिससे राजधानी की पुलिस संचार व्यवस्था अब और मजबूत हो जाएगी।
पुरानी तकनीक की सीमाएं और नई व्यवस्था
डीजी टेलीकॉम आशुतोष पांडेय ने बताया कि पहले वायरलेस सेट की सीमित रेंज के कारण एक थाना दूसरे थाने से सीधे संपर्क नहीं कर पाता था। दूरसंचार विभाग ने दो महीने तक इस तकनीक को अपग्रेड करने पर काम किया।
अब लखनऊ में पहले से मौजूद दो रिपीटर डिवाइस की संख्या बढ़ाकर आठ कर दी गई है और वायरलेस सेटों की प्रोग्रामिंग भी बदली गई है।
इसके बाद लखनऊ पुलिस के 623 स्टैटिक और 1,142 हैंडहेल्ड वायरलेस सेट अब इंटरकनेक्ट हो गए हैं। अब महानगर थाना से लेकर बंथरा या बीकेटी जैसे दूरस्थ थानों से भी आसानी से संपर्क किया जा सकेगा।
नई तकनीक से पुलिसिंग में होंगे ये फायदे
- किसी भी घटना की सूचना तुरंत सभी थानों तक पहुंचेगी।
- पुलिस अधिकारी अब सीधे बीट सिपाही से वायरलेस पर बात कर सकेंगे।
- फील्ड में तैनात पुलिसकर्मी सीधे अपने अधिकारियों को घटनास्थल की जानकारी दे पाएंगे।
- नेटवर्क फेल होने की स्थिति में भी पुलिस टीमों के बीच संचार जारी रहेगा।
अगला पड़ाव मथुरा
डीजी टेलीकॉम ने बताया कि लखनऊ के बाद मथुरा में यह नई प्रणाली लागू की जाएगी। मथुरा में शनिवार-रविवार को भारी भीड़ के चलते मोबाइल नेटवर्क बाधित हो जाता है। इस नई तकनीक से अब वहां भी पुलिस टीमों को निर्बाध संचार सुविधा मिलेगी।

