20 बच्चों की मौत के बाद फरार चल रहा दवा कंपनी का मालिक रंगनाथन चेन्नई से गिरफ्तार, SIT कर रही है जाँच
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में कफ सिरप से 20 मासूम बच्चों की मौत के दिल दहला देने वाले मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घातक कोल्ड्रिफ कफ सिरप बनाने वाली कंपनी श्रीसन फार्मास्यूटिकल्स के मालिक रंगनाथन को गुरुवार सुबह तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया गया है।
बच्चों की मौत के बाद से फरार चल रहे रंगनाथन की तलाश में पुलिस लगातार जुटी थी। मध्य प्रदेश पुलिस ने चेन्नई पुलिस की सहायता से यह गिरफ्तारी की कार्रवाई की। रंगनाथन को अब आगे की पूछताछ और जाँच के लिए सुंगुवरछत्रम ले जाया जा रहा है।
सिरप में खतरनाक केमिकल, किडनी फेल होने से हुई मौतें
जाँच में खुलासा हुआ था कि जिस ‘कोल्ड्रिफ’ कफ सिरप से 20 बच्चों की मौत हुई, उसमें डायएथिलीन ग्लाइकॉल (Diethylene Glycol) की मात्रा तय सीमा से काफी ज्यादा थी। यह जहरीला केमिकल बच्चों के गुर्दे (किडनी) फेल होने का कारण बना, जिससे 18 बच्चे छिंदवाड़ा जिले के और 2 बच्चे बैतूल जिले के थे। इस घातक लापरवाही के तुरंत बाद, राज्य सरकार ने श्रीसन फार्मा के सभी उत्पादों पर प्रतिबंध लगा दिया था।
डॉक्टर और अधिकारी भी हटाए गए
इस मामले में पुलिस ने सिर्फ कंपनी मालिक पर ही नहीं, बल्कि सिरप लिखने वाले डॉक्टर प्रवीण सोनी को भी गिरफ्तार किया है। उनकी जमानत याचिका को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एडीजे), परासिया ने खारिज कर दिया है।
Also Read: मिर्जापुर: अधिवक्ता से मारपीट के आरोप पर वकीलों का भारी आक्रोश, FIR दर्ज करने की मांग

