Balrampur News: जिला अस्पताल में ऑपरेशन के लिए गर्भवती से वसूले पांच हजार रुपये, एक्सपायर दवाएं देख भड़कीं राज्य महिला आयोग की सदस्य

Balrampur News: बलरामपुर जिले के संयुक्त जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं की पोल उस समय खुल गई, जब उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य जनकनंदिनी ने शनिवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक के बाद एक कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर आयोग सदस्य ने कड़ी नाराजगी जताई।

जनकनंदिनी ने जब एक गर्भवती महिला से बात की, तो महिला ने बताया कि ऑपरेशन कराने के लिए अस्पताल कर्मियों ने उससे 5000 रुपये वसूल लिए हैं। यह सुनकर आयोग सदस्य हैरान रह गईं। एक अन्य मरीज ने शिकायत की कि उन्हें गैस से बचाव का इंजेक्शन अस्पताल में उपलब्ध नहीं होने का बहाना बनाकर बाहर से खरीदने के लिए मजबूर किया गया।

महिला आयोग की सदस्य जब दवा वितरण कक्ष में पहुँचीं, तो वहाँ एक्सपायर हो चुकी दवाएं देखकर वह भड़क उठीं और तत्काल अस्पताल प्रशासन को बुलाने का निर्देश दिया।

Balrampur District Hospital

सीएमएस और प्रभारी दोनों गायब

अनियमितताएं सामने आने के बाद जब अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) को बुलाया गया, तो पता चला कि वह लखनऊ में कोर्ट केस के सिलसिले में गए हुए हैं। इसके बाद प्रभारी सीएमएस को बुलाने की कोशिश की गई, लेकिन वे भी अनुपस्थित पाए गए।

स्थिति देखकर महिला आयोग की सदस्य जनकनंदिनी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि अस्पताल की यह लापरवाही बेहद शर्मनाक है। उन्होंने मौके पर मौजूद स्टाफ को कड़ी फटकार लगाई और चेतावनी दी कि मरीजों से पैसे की वसूली और घटिया व एक्सपायर दवाओं के इस्तेमाल जैसी शिकायतें दोहराई गईं तो कठोर कार्रवाई होगी।

रिपोर्ट- योगेंद्र त्रिपाठी

Also Read: Lucknow News: मायावती का तीखा वार, बोलीं- ”देवी-देवताओं को मत करो बदनाम, ‘आई लव’ की राजनीति से रहें दूर”

Get real time updates directly on you device, subscribe now.