IIIT के छात्र ने AI से बनाई 36 छात्राओं की अश्लील तस्वीरें, गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक प्रतिष्ठित संस्थान से बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। नया रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) में पढ़ने वाले एक छात्र को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का गलत इस्तेमाल कर 36 छात्राओं की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्र के लैपटॉप से करीब एक हजार आपत्तिजनक तस्वीरें मिली हैं।
यह मामला तब सामने आया जब छात्राओं ने इसकी शिकायत संस्थान से की। यूनिवर्सिटी के रजिस्टर प्रोफेसर श्रीनिवास ने बताया कि यह शिकायत 6 अक्टूबर को सुबह 6:30 बजे मिली थी।
संस्थान की कार्रवाई: शिकायत मिलते ही संस्थान ने महिला सदस्यों की एक कमेटी बनाई। छात्राओं से बातचीत करने के बाद, 6 अक्टूबर को ही आरोपी छात्र को निलंबित कर दिया गया।
आगे की जाँच: प्रोफेसर श्रीनिवास ने बताया कि इस संबंध में तमाम छात्राओं से कंसेंट लिया जा रहा है, और कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर पुलिस ने आरोपी छात्र की पहचान सैयद रहीम अदनान (21 वर्ष) के रूप में की है, जो बिलासपुर जिले का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्र ने कथित तौर पर AI-आधारित इमेज जेनरेशन और एडिटिंग टूल्स का इस्तेमाल करके छात्राओं की फर्जी और आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कीं। संस्थान के रजिस्ट्रार से शिकायत मिलने के बाद, पुलिस ने तुरंत जाँच शुरू की और आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया।

