बिहार चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर: जेडीयू और एलजेपी के कई नेता आरजेडी में शामिल, तेजस्वी बोले – अब ये नीतीश कुमार का आखिरी चुनाव

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सूबे की सियासत में दल-बदल का दौर तेज हो गया है। यहां शुक्रवार को जनता दल यूनाइटेड (JDU) और लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) को बड़ा झटका देते हुए कई नेताओं ने आरजेडी का दामन थाम लिया। पटना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जेडीयू के पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा, जेडीयू के राहुल शर्मा, एलजेपी नेता अजय कुशवाहा और जेडीयू नेता चाणक्य प्रकाश रंजन ने औपचारिक रूप से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने इन सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई और इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में दिल्ली से सरकार चलाई जा रही है। जेडीयू में कोई भी निर्णय अब नीतीश कुमार नहीं, बल्कि केवल साढ़े तीन लोग लेते हैं। यह नीतीश कुमार का आखिरी चुनाव है, इसके बाद वो दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं।

बिहार चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर: जेडीयू और एलजेपी के कई नेता आरजेडी में शामिल, तेजस्वी बोले - अब ये नीतीश कुमार का आखिरी चुनाव

अचेत अवस्था में हैं नीतीश कुमार

तेजस्वी ने नीतीश कुमार पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा, मैंने पहले भी कहा है कि हमारे चाचा अब अचेत अवस्था में हैं। बिहार की सरकार अब नरेंद्र मोदी जी और अमित शाह चला रहे हैं।

उन्होंने आरजेडी में शामिल हुए नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि इन लोगों के आने से पार्टी संगठनात्मक रूप से और भी मजबूत होगी। हम संतोष कुशवाहा को धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने सही समय पर सही निर्णय लिया। राहुल शर्मा, अजय कुशवाहा और चाणक्य प्रकाश जैसे कद्दावर और युवा नेताओं के आने से आरजेडी को ज़मीनी स्तर पर और ताकत मिलेगी।

पूर्वांचल और सीमांचल पर फोकस

तेजस्वी यादव ने कहा कि इन नए नेताओं के आने से पार्टी को विशेष रूप से पूर्णिया, बांका, कटिहार और पूर्वांचल क्षेत्र में मजबूती मिलेगी। जहां पिछली बार पार्टी थोड़ी कमजोर रही थी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार महागठबंधन एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा और 14 नवंबर को आने वाला नतीजा महागठबंधन के पक्ष में जाएगा।

वहीं माना जा रहा है कि बिहार में इस सियासी हलचल के बीच यह साफ है कि चुनावी समर में अब आरजेडी पूरी ताकत से उतरने की तैयारी में है, जबकि जेडीयू को लगातार हो रहे नेताओं के पलायन से झटका लग सकता है।

 

Also Read: Sambhal News: सांसद जियाउर्रहमान बर्क का सरकार पर हमला, कहा – लोगों को निशाना बनाना बंद करे सरकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.