भारत में जहरीली कफ सिरप को लेकर WHO ने जारी किया अलर्ट, तीन कंपनियों के प्रोडक्ट चिन्हित

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत में बच्चों के स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर खतरा सामने आया है। जहरीली कफ सिरप की वजह से अब तक 20 से ज्यादा बच्चों की मौत हो चुकी है। इस मामले पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने संज्ञान लिया है और तीन फार्मा कंपनियों को लेकर चेतावनी जारी की है। WHO ने इन कफ सिरपों को लेकर अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि यदि ये दवाएं कहीं भी उपलब्ध हों, तो इसकी तुरंत जानकारी दी जाए। WHO ने विशेष रूप से श्रीसन फार्मा की कोल्ड्रिफ, रेडनेक्स फार्मा की रेस्पिफ्रेश टीआर, और शेप फार्मा की रिलाइप सिरप के कुछ बैचों की पहचान की है, जिनमें मिलावट पाई गई है। WHO ने चेतावनी दी है कि इन सिरपों का सेवन गंभीर और जानलेवा बीमारी का कारण बन सकता है।

खतरनाक केमिकल की मौजूदगी

दरअसल इस जांच में पाया गया कि इन दवाओं में डायथिलीन ग्लाइकोल (DEG) नामक जहरीला केमिकल मौजूद है। यह केमिकल सिरप को मीठा करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन यह मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत खतरनाक है। ध्यान देने वाली बात यह है कि डायथिलीन ग्लाइकोल न तो रंग देता है और न ही कोई गंध होती है, जिससे इसकी पहचान बिना जांच के करना मुश्किल है।

भारत में जहरीली कफ सिरप को लेकर WHO ने जारी किया अलर्ट, तीन कंपनियों के प्रोडक्ट चिन्हित

फार्मास्युटिकल कंपनी का लाइसेंस रद्द

वहीं तमिलनाडु की श्रीसन फार्मास्युटिकल कंपनी का लाइसेंस पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। राज्य सरकार ने यह जानकारी साझा की कि कंपनी को बंद करने का आदेश भी जारी किया गया है। औषधि नियंत्रण विभाग के निरीक्षण में पाया गया कि कोल्ड्रिफ सिरप में 48.6 प्रतिशत डायथिलीन ग्लाइकोल मौजूद था। इसके अलावा, कंपनी के मालिक जी. रंगनाथन को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं WHO की चेतावनी और भारत में सरकारी कार्रवाई यह दर्शाती है कि बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से ऐसे खतरनाक उत्पादों के खिलाफ सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

 

Also Read: लखनऊ एयरपोर्ट पर गैंगस्टर गिरफ्तार, बैग से मिले दो जिंदा कारतूस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.