बंगाल में फिर इंजीनियरिंग छात्रा से हैवानियत, आरोपी सहपाठी अरेस्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: बंगाल में एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि एक और युवती के साथ दरिंदगी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोलकाता के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने वाली द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ दुषकर्म की वारदात हुई है। कॉलेज में उसके साथ पढ़ने वाले छात्र पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। वहीं पीड़ित छात्रा की शिकायत पर आरोपी को शहर के आनंदपुर इलाके से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सहपाठी पर ही लगा दुष्कर्म का आरोप
वहीं मामले में एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिम बंगाल में पढ़ाई करने आई छात्रा ने आनंदपुर पुलिस स्टेशन में अपने सहपाठी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में छात्रा ने आरोप लगाया है कि, उसके पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया। जिसको पीने के बाद वह बेहोश हो गई और बाद में आरोपी सहपाठी ने उसके साथ हैवानियत की।
छात्रा के गृहराज्य का नहीं हुआ खुलासा
खास बात यह है कि इंजीनियरिंग छात्रा के गृह राज्य की जानकारी सामने नहीं आई है। आपको बता दें कि, हैवानियत की यह वारदात पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक मेडिकल की छात्रा के साथ हुए कथित गैंगरेप कुछ दिनों बाद हुई। दुर्गापुर घटना को लेकर पहले से ही पश्चिम बंगाल की ममता सरकार पर विपक्ष हमलावर है। अब एक बार फिर यह नई घटना ममता सरकार की मुश्किलें बढ़ा सकती है। वहीं, मामले में पुलिस ने बताया कि आरोपी कुछ दिनों तक छिपता रहा और जैसे ही आनंदपुर में अपने घर वापस लौटा, वैसे ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने आरोपी को 22 अक्टूबर तक के लिये पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
ममता सरकार की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
बंगाल में पहले से ही कानून व्यवस्था का लेकर ममता सरकार पर सवाल उठते रहे हैं। वहीं एक बार फिर इस मामले के सामने आने से बंगाल सरकार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। विपक्ष प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर ममता सरकार को घेरता रहा है। गुजरे साल कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी की घटना को लेकर बंगाल सरकार की खूब किरकिरी हुई थी। वहीं यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि, दुर्गापुर घटना को लेकर फिर से बंगाल सरकार विपक्षियों के निशाने पर आ गई है।
Also Read: Bareilly News: अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 2.80 लाख रुपये की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

