‘भाजपा बजट साफ़ कर रही, नदी नहीं’, लखनऊ में अखिलेश यादव का योगी सरकार पर बड़ा हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार पर “सफेद टेबल पर बैठकर काला झूठ” बोलने और विकास के नाम पर केवल “बजट साफ” करने का आरोप लगाया।

गोमती रिवरफ्रंट और सम्मान की बात

अखिलेश यादव ने कहा कि अगर सपा सत्ता में आई, तो गोरखपुर के साथ-साथ लखनऊ में गोमती रिवरफ्रंट पर स्वर्गीय केदारनाथ सिंह सैथवार की प्रतिमा लगाकर उन्हें सम्मान दिलाएगी।

उन्होंने गोमती नदी की सफाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जब सरकार के जाने का वक्त आया, तब इन्हें गोमती की सफाई याद आई। यह सरकार नदी नहीं साफ कर रही है, बल्कि बजट साफ कर रही है। ये लोग प्लान करते हैं कि कैसे लूटा जाए।” उन्होंने दावा किया कि गोमती और वरुणा नदी की सफाई का एक सफल मॉडल सपा सरकार ने ही तैयार किया था।

कानून व्यवस्था पर सवाल, ‘एनकाउंटर का बहाना’

सपा अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए एनकाउंटर नीति को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, “भाजपा के पास कोई मॉडल नहीं है। जो लोग एनकाउंटर का बहाना लेकर लॉ एंड ऑर्डर की बात कर रहे हैं, अगर एनकाउंटर से लॉ एंड ऑर्डर ठीक होता, तो बंथरा में बेटी के साथ दुष्कर्म कैसे हुआ? क्यों हरिओम वाल्मीकि की हत्या हुई? आईपीएस चोरों को बचा रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि सरकार केवल एक परसेप्शन क्रिएट करना चाहती है और कई बेगुनाहों को एनकाउंटर के बहाने मारा गया है, जिसके चलते कई जगह पुलिस को जेल भी जाना पड़ा है।

स्वदेशी नारे और किसान प्लेटफॉर्म पर कटाक्ष

अखिलेश यादव ने ‘स्वदेशी’ के नारे पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “सरकार स्वदेशी का चूर्ण खिला रही है। ये स्वदेशी का नारा हमें और आपको गुमराह करने का है। ये लोग मन से विदेशी हैं, इसलिए चीन पर टैरिफ क्यों नहीं लगा रहे?”

किसान कल्याण के लिए बनाए गए कथित एग्रीकल्चर डिजिटल प्लेटफॉर्म को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार रियल टाइम अवेलेबिलिटी की बात कर रही है, लेकिन जमीन पर किसानों के लिए कुछ उपलब्ध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार जमीन और खाद की लूट कर रही है और किसानों के प्रति ईमानदार नहीं है।

सांडों का मुद्दा और ‘भेदभाव’ का आरोप

सपा प्रमुख ने कहा कि दलित और पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के लोग चिंतित हैं कि भेदभाव की वजह से उन्हें क्या-क्या सामना करना पड़ रहा है, जिसके चलते लोग आत्महत्या पर मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने आवारा सांडों के मुद्दे को उठाते हुए कहा, “गाय टूरिज्म कराएं, गऊ सेवा करें, लेकिन कम से कम सांड से यूपी को बचाओ।”

गठबंधन की एकजुटता

एमएलसी चुनाव पर बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि एमएलसी चुनाव निजी तौर पर लड़ा जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा, “हमारा गठबंधन (इंडी गठबंधन) था और रहेगा। हम इसे और मजबूत करेंगे।” प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने सोने की कीमतों में आए उछाल और अपने निजी अनुभव का भी जिक्र किया।

Also Read: बंगाल में फिर इंजीनियरिंग छात्रा से हैवानियत, आरोपी सहपाठी अरेस्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.