बिहार चुनाव: सम्राट चौधरी, नितिन नबीन और नीरज बबलू ने भरा पर्चा, विकसित बिहार बनाने का लिया संकल्प
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मियां अब अपने चरम पर पहुँच गई हैं। नामांकन प्रक्रिया में तेज़ी आने के साथ ही गुरुवार को एनडीए के कई दिग्गज नेताओं ने अपनी-अपनी सीटों से पर्चा दाखिल किया। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर से, मंत्री नितिन नबीन ने पटना की बांकीपुर सीट से और मंत्री नीरज सिंह बबलू ने छातापुर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन भरा।
तारापुर से सम्राट चौधरी का शक्ति प्रदर्शन
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर से नामांकन भरने से पहले अपनी आस्था का प्रदर्शन किया। वे पहले माँ तिलडीहा मंदिर गए, जहाँ उन्होंने पूजा-अर्चना की और बिहार के कल्याण और समृद्धि की कामना की। इसके बाद, सम्राट चौधरी एक विशाल जुलूस के साथ तारापुर पहुँचे। नामांकन के मौक़े पर उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य बिहार के साथ-साथ तारापुर को सबसे समृद्ध और सबसे आगे ले जाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि तारापुर समेत पूरा बिहार विकास, विश्वास और सुशासन की राह पर एनडीए सरकार के अगले अध्याय के लिए पूरी तरह से तैयार है।
नितिन नबीन ने बांकीपुर से माँगा आशीर्वाद
पटना की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट से मंत्री नितिन नबीन ने भी पर्चा दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने स्वर्गीय पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा का आशीर्वाद लेकर एक बार फिर बांकीपुर की सेवा करने का संकल्प लिया है। नितिन नबीन ने दावा किया कि उन्होंने पिछले पाँच सालों में जनता के लिए काम किया है, जिससे उन्हें विश्वास है कि इस बार भी उन्हें जनता का पूरा समर्थन मिलेगा। इस दौरान हुई नामांकन सभा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सांसद रविशंकर प्रसाद भी मौजूद रहे, जिन्होंने मतदाताओं से बिहार को विकसित बनाने के लिए एनडीए को विजयी बनाने की अपील की।
Also Read: Ballia News: ओपी राजभर बोले- बीजेपी चाहे तो हमें 3-4 सीटें दे दे, हम आज ही पर्चा वापस ले लेंगे

