मिशन शक्ति के तहत मऊ में छात्राओं और महिलाओं को किया गया जागरूक, सुरक्षा और स्वावलंबन पर जोर
सूरजपुर (मऊ)। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति फेज-0.5’ अभियान के तहत दोहरीघाट शिक्षा क्षेत्र के समाज सेवक इंटर कॉलेज, भैरोपुर के प्रांगण में छात्राओं और महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक इलामारन जी के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक और एंटी रोमियो स्क्वायड की सक्रिय भागीदारी से यह कार्यक्रम गुरुवार को संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं व बालिकाओं में आत्मरक्षा की भावना विकसित करना और समाज में नारी के प्रति सम्मान व सुरक्षा का वातावरण सुदृढ़ बनाना रहा।
नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर फोकस
एंटी रोमियो स्क्वायड की प्रभारी हरेन्द्र कुमार साहनी और पूजा मिश्रा के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन रागिनी वर्मा ने किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को सेल्फ डिफेंस (आत्मरक्षा) के महत्व की जानकारी दी। साथ ही, उन्हें संकट की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों से भी अवगत कराया गया।
प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी:
- 1090: महिला हेल्पलाइन
- 112: पुलिस आपातकालीन सेवा
- 1930: साइबर क्राइम हेल्पलाइन
- 1098: चाइल्ड हेल्पलाइन
- 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
- 108: एम्बुलेंस सेवा
- 102: गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं हेतु सेवा
- 101: अग्निशमन सेवा
पुलिस टीम ने बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को सुना। उन्हें यह संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति में उन्हें साहसपूर्वक आगे बढ़कर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की सहायता लेनी चाहिए।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य कृष्ण मुरारी उपाध्याय, सब इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह, सब इंस्पेक्टर दीपनारायण, संजय तिवारी, आजादशत्रु पाण्डेय, गिरिश पाण्डेय, एकता मिश्रा, प्रियंका यादव, संजय कुमार, अरुणेश कुमार, दीपक गोड़, दीनानाथ यादव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
Also Read: प्रदेश में कुशीनगर को मिला 10वां रैंक, डीएम ने अधिकारियों को दी बधाई

