सिद्धार्थनगर: शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने 1100 स्वास्थ्यकर्मियों और सफाई मित्रों को दिया तोहफा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले की शोहरतगढ़ विधानसभा (अपना दल-एस) के विधायक विनय वर्मा और उनकी धर्मपत्नी बबिता वर्मा ने आगामी दीपावली पर्व के अवसर पर विधानसभा क्षेत्र के 1100 से अधिक कर्मियों का सामूहिक सम्मान किया।

गुरुवार को विधायक दंपति ने तीन अलग-अलग स्थानों— प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बढ़नी, बीआरसी परिसर परसा स्टेशन, और नगर पंचायत बढ़नी गेस्ट हाउस— पर कार्यक्रम आयोजित कर कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा बहुओं, स्वास्थ्य कर्मियों और सफाई मित्रों को एक-एक जोड़ी कपड़ा और एक-एक किलो मिष्ठान्न सप्रेम भेंट किया। इस सम्मान की चर्चा समूचे जनपद में हो रही है।

‘जनता खुश तो हम खुश’: विधायक विनय वर्मा

विधायक विनय वर्मा ने कहा कि उन्हें देवतुल्य जनता की सेवा में ही जीवन का वास्तविक आनंद मिलता है। उन्होंने कहा, “जनता खुश तो हम खुश।”

संदेश वाहक से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा “जहां वीआईपी लोग अपने लाव-लश्कर और आपाधापी में देवतुल्य जनता के प्यार को भूल जाते हैं, वहीं मैं निरंतर तीन वर्षों से इस तरह के आयोजन करके उनका आत्म-सम्मान बढ़ाने में लगा रहता हूँ। मुझे देवतुल्य जनता के बीच रहना, पर्वों को मनाना, समस्याओं का समाधान करना, उनके साथ खाना-पीना और बातचीत करना सब अच्छा लगता है। यह मेरी नैतिक जिम्मेदारी है, जिसे मैं निरंतर, जब तक रहूँगा, सेवा करता रहूँगा।”

विधायक की धर्मपत्नी बबिता वर्मा ने भी इस सामाजिक कार्य को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कर्मियों ने जताया आभार

सम्मान समारोह से गदगद कर्मियों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब से विनय वर्मा शोहरतगढ़ के विधायक बने हैं, तब से लगातार तीन वर्षों से सभी पर्वों पर उनका सम्मान होता चला आ रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग 1100 कर्मियों को मीठा और कपड़ा देकर सम्मान करना क्षेत्र के लोगों के लिए गर्व की बात है।

इस दौरान, थाना धेबरुआ के प्रभारी के.एल. श्रीवास्तव की निगरानी में भारी संख्या में मौजूद पुलिस बल ने महिलाओं और छात्र-छात्राओं को ‘मिशन शक्ति’ की विशेषताओं के बारे में जागरूक किया।

चौकी प्रभारी (बढ़नी) उप-निरीक्षक अनिरुद्ध और उनकी टीम ने ‘सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश, नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के समर्पित पुलिस’ पर ज़ोर देते हुए कहा कि किसी भी मुश्किल में पुलिस को याद करने पर, वे तत्काल सहायता के लिए हाजिर होंगे। उन्होंने सभी को मिशन शक्ति का लाभ उठाने की अपील की। अंत में, बबिता वर्मा ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और आगामी दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए विदाई दी।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: दिवाली से पहले यूपी के कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा, महंगाई भत्ते में हुई बढोत्तरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.