लखनऊ नगर निगम मुख्यालय पर ठेकेदारों का प्रदर्शन, बकाया भुगतान न होने से भड़के, दी ये चेतावनी
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ नगर निगम (एलएमसी) कॉन्ट्रैक्ट एसोसिएशन से जुड़े ठेकेदारों ने लंबित भुगतान को लेकर शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब 300 ठेकेदारों का करोड़ों रुपये का बकाया भुगतान न होने से आक्रोशित ठेकेदारों ने सुबह 11 बजे से नगर आयुक्त गौरव कुमार के कार्यालय के बाहर धरना दिया और “ठेकेदार एकता जिंदाबाद”, “ठेकेदारों की पेमेंट करो” जैसे नारे लगाए।
दीपावली से पहले भुगतान की मांग
एसोसिएशन के महामंत्री मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि नगर निगम ने 2022-23 सितंबर के दौरान लगभग 100 ठेकेदारों का भुगतान तो कर दिया है, लेकिन करीब 300 ठेकेदारों का बकाया भुगतान रोक रखा है। ठेकेदारों का कहना है कि दीपावली का त्योहार नजदीक है। मार्केट की उधारी चुकाने और घर की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्हें तत्काल उनके कार्यों का बकाया भुगतान चाहिए। उन्होंने रुके हुए जीएसटी भुगतान को भी जारी करने की मांग की।
महामंत्री मुकेश कुमार पांडेय ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा “कई काम ऐसे हैं, जिनकी पेमेंट 2016 तक से नहीं की गई है। ऐसे में ठेकेदार काम कैसे करेंगे? हम लगातार भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन हमें सिर्फ आश्वासन मिल रहा है।”
मेयर और नगर आयुक्त को लिखा पत्र
ठेकेदारों ने बताया कि उन्हें दीपावली से पहले भुगतान करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। एसोसिएशन ने अपनी मांगों के संबंध में नगर आयुक्त गौरव कुमार और मेयर सुषमा खर्कवाल को भी पत्र लिखा है। ठेकेदारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनका बकाया भुगतान नहीं किया गया, तो वे अपने आंदोलन को और उग्र करेंगे।
Also Read: 3.5 करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर बहराइच से गिरफ्तार, UP STF ने की कार्रवाई

