भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने छपरा सीट से किया नामांकन, बोले-  राजनीति को ज्यादा समय दूंगा

Sandesh Wahak Digital Desk: भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार एक्टर और सिंगर खेसारी लाल यादव ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के टिकट पर शुक्रवार, 17 अक्टूबर 2025 को छपरा विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया।

शुरुआत में चर्चा थी कि इस सीट से खेसारी लाल की पत्नी चंदा देवी चुनाव लड़ेंगी, लेकिन अब खुद खेसारी लाल यादव चुनावी मैदान में उतर गए हैं। उन्होंने और उनकी पत्नी ने बीते गुरुवार को ही आरजेडी की सदस्यता ग्रहण की थी। नामांकन दाखिल करने के बाद खेसारी लाल यादव ने छपरा में बड़ा बयान देते हुए राजनीति में आने की वजह बताई।

‘छपरा में समस्या बहुत ज्यादा है’

न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में खेसारी लाल यादव ने कहा कि वह शुरुआत में राजनीति में नहीं आना चाहते थे और उनकी इच्छा थी कि उनकी पत्नी चुनाव लड़ें। लेकिन छपरा की गंभीर समस्याओं को देखते हुए उन्होंने खुद मैदान में उतरने का फैसला किया। उन्होंने कहा “संगीत को साइड नहीं करूंगा, थोड़ा कम करूंगा। इधर (राजनीति में) टाइम ज्यादा दूंगा, क्योंकि छपरा में समस्या बहुत ज्यादा है। इस बार की बारिश में डीएम ऑफिस तक पानी घुस गया था।”

पलायन रोकना और शिक्षा सुधार प्राथमिकता

अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर खेसारी लाल यादव ने कहा कि उनका प्रयास होगा कि जिस तरह उनके बच्चे बेहतर स्कूल में पढ़ते हैं, उसी तरह छपरा के बच्चे भी अच्छे स्कूलों में शिक्षा हासिल कर सकें।

उन्होंने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और महागठबंधन के संकल्प को दोहराते हुए कहा “तेजस्वी भैया का संकल्प है और पूरे महागठबंधन का संकल्प है कि हम लोगों को पलायन रोकना है। एक बार (व्यवस्था को) बदलने की जरूरत है। अगर आपको लगता है कि हम अच्छे नहीं हैं तो हमें भी बदलना है।”

Also Read: CBI ने बरामद किए 7 करोड़ रुपये नकद और 15 संपत्तियों के दस्तावेज, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए DIG हरचरण सिंह भुल्लर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.