साबरकांठा में दो गुटों में भीषण झड़प, प्रांतिज के मंजरा गांव में दो समुदाय भिड़े, भारी पुलिस बल तैनात
Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात के साबरकांठा ज़िले के प्रांतिज इलाके के मंजरा गाँव से दो गुटों के बीच भीषण झड़प का मामला सामने आया है। यहाँ पाटीदार और ठाकोर समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए, जिसके बाद गाँव में जमकर पत्थरबाज़ी और आगजनी की गई। इस उपद्रव में उपद्रवियों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया, जबकि कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। पत्थरबाज़ी के हमले में क़रीब 10 से 20 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए हिम्मतनगर और प्रांतिज के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना भैरवनाथ मंदिर के प्रबंधन से जुड़ी एक पुरानी रंजिश के चलते हुई। शुक्रवार रात अचानक दोनों गुटों के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे हालात बिगड़ गए और भारी पथराव तथा आगजनी शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मंजरा गाँव पहुँची। पुलिस ने बताया कि इस मामले में 110 से 120 लोगों के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज की गई है।
गाँव में भारी पुलिस बल तैनात
गाँव में तनाव को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस की सख़्त निगरानी के बाद फ़िलहाल गाँव में पूरी तरह शांति है और स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने पूरे मामले की जाँच शुरू कर दी है।

