कांग्रेस विधायक अफाक आलम ने पार्टी पर लगाया टिकट बेचने का आरोप, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम से बातचीत का ऑडियो टेप जारी

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में महागठबंधन के भीतर टिकट बंटवारे को लेकर मची रस्साकशी अब कांग्रेस पार्टी के अंदर खुले घमासान में बदल गई है। पार्टी के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अफ़ाक आलम ने कांग्रेस के भीतर पैसे लेकर सीट बेचने का बेहद गंभीर आरोप लगाया है। नाराज़ अफ़ाक आलम ने इस संबंध में एक ऑडियो टेप भी जारी किया है, जिसमें वह कथित तौर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम से बात कर रहे हैं।

पप्पू यादव ने पैसा लेकर टिकट दे दिया

जारी किए गए ऑडियो टेप में, जो तेज़ी से वायरल हो रहा है, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम कथित तौर पर अफ़ाक आलम से यह कहते सुने जा रहे हैं कि उनका नाम तो फ़ाइनल था, लेकिन पप्पू यादव ने पैसा लेकर किसी और (इरफ़ान) को टिकट दे दिया। अफ़ाक आलम चार बार पूर्णिया की कस्बा विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं और बिहार सरकार में मंत्री भी थे। लेकिन इस बार पार्टी ने उनका टिकट काटकर इरफ़ान को उम्मीदवार बना दिया है, जिससे नाराज़ होकर उन्होंने यह प्रेस कॉन्फ्रेंस की और ऑडियो टेप जारी किया।

आलम ने आरोप लगाया कि पार्टी में पैसे लेकर टिकट बांटे जा रहे हैं, जो कि लोकतंत्र का हनन है। उन्होंने कहा, मेरे साथ ब्लैकमेल हुआ। पैसे की काफ़ी उगाही हुई और पैसा पप्पू यादव के यहाँ जमा हुआ। तब जाकर टिकट दिया गया। उन्होंने अपने समर्थकों से अपील की कि जो लोग पार्टी में पैसे लेकर टिकट बेच रहे हैं, उन्हें मुँहतोड़ जवाब दिया जाए। आलम ने कहा कि ऐसे लोगों को सबक सिखाने की सख़्त ज़रूरत है, ताकि आने वाली पीढ़ी सुधर सके और राजनीति साफ़-सुथरी हो सके। इस ऑडियो टेप ने बिहार कांग्रेस में हड़कंप मचा दिया है और पार्टी की आंतरिक खींचतान सबके सामने आ गई है।

Also Read: टिकट कटने से भड़का नेता लालू-राबड़ी आवास के बाहर कुर्ता फाड़कर रोया, टिकट बेचने का लगाया आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.