Chitrakoot News: चित्रकूट में ट्रक निकलवाने के नाम पर वसूली, एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित
Chitrakoot News: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट (Chitrakoot) जिले में ट्रक निकलवाने के नाम पर वसूली का खुलासा होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। यहां सामने आया कि पुलिसकर्मी ट्रकों को पास कराने के लिए “एंट्री फीस” के नाम पर भारी रकम वसूल रहे थे। वहीं ये मामला वायरल होने के बाद एसपी ने तत्काल एक्शन लेते हुए एक एसआई समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है, जबकि तीन अन्य थाना प्रभारियों पर भी गाज गिरी है।
खुला भ्रष्टाचार का जाल
मिली जानकारी के मुताबिक एक वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी खुलेआम ट्रक निकलवाने के लिए पैसों की मांग करते नजर आए थे। जिसके बाद जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इसे शेयर किया। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया और पुलिस विभाग हरकत में आ गया।

एसपी का सख्त एक्शन
वहीं वीडियो सामने आने के बाद चित्रकूट (Chitrakoot) के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने वीडियो की जांच के आदेश दिए और तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने भरतकूप थाना में तैनात सिपाही रणवीर सिंह, राजापुर थाना के सब इंस्पेक्टर इमरान खान, सिपाही अजय मिश्रा और पहाड़ी थाना के सिपाही शुभम द्विवेदी को दोषी पाते हुए निलंबित कर दिया।
यहां एसपी ने सिर्फ सिपाहियों पर ही नहीं, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर राजापुर थाना प्रभारी पंकज तिवारी, पहाड़ी थाना प्रभारी अनुपमा तिवारी और भरतकूप थाना प्रभारी मनोज चौधरी को भी सस्पेंड करने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन जिलों में फैला नेटवर्क
मिली जानकारी के मुताबिक ट्रकों के एंट्री का यह खेल सिर्फ चित्रकूट तक सीमित नहीं था, बल्कि बांदा और कौशांबी जिलों में भी इसी तरह की वसूली की जाती थी। यहां तीन जिलों की पुलिस की मिलीभगत से ओवरलोड ट्रक बिना कार्रवाई के निकल जाते थे।
वहीं एसपी के एक्शन के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। लंबे समय से चल रहे इस “वसूली तंत्र” के उजागर होने के बाद अब वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं।
Also Read: Mau News: 32 लाख का रिफाइंड तेल गायब करने वाला ट्रक मालिक गिरफ्तार, चोरी हुआ ट्रक बरामद

