छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे की विशेष तैयारी, दिल्ली क्षेत्र के स्टेशनों पर बढ़ी सुविधाएं

Sandesh Wahak Digital Desk: छठ पर्व को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों, विशेष रूप से देश के पूर्वी हिस्सों में जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक स्थायी होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जबकि नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल पर अस्थायी टेंटेज होल्डिंग एरिया भी स्थापित किए गए हैं।

इन क्षेत्रों में यात्रियों के लिए यूटीएस टिकट काउंटर, शौचालय, खानपान स्टॉल, एटीवीएम मशीनें, “क्या मैं आपकी मदद कर सकता/सकती हूं” बूथ और पीए सिस्टम की व्यवस्था की गई है। साथ ही, पर्याप्त रेलवे कर्मचारी यात्रियों का मार्गदर्शन और सहायता कर रहे हैं।

सुरक्षित यात्रा के लिए दिल्ली मंडल के चिकित्सा विभाग ने भी विशेष कदम उठाए हैं। प्रमुख रेलवे स्टेशनों — नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन, शकूरबस्ती और गाजियाबाद — पर प्राथमिक चिकित्सा बूथ स्थापित किए गए हैं।

हर स्टेशन पर 24 घंटे एम्बुलेंस और प्रशिक्षित चिकित्सा दल तैनात हैं। इसी के तहत 18 अक्टूबर को नई दिल्ली स्टेशन पर एक शिशु का सुरक्षित प्रसव भी कराया गया। 16 से 21 अक्टूबर के बीच 634 से अधिक यात्रियों को प्राथमिक और आपात चिकित्सा सहायता दी गई।

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए नागरिक सुरक्षा कर्मी और उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्य लगातार सहायता कर रहे हैं।

आंकड़ों के अनुसार, 21 अक्टूबर 2025 को दिल्ली क्षेत्र के छह प्रमुख स्टेशनों से 1,69,986 अनारक्षित यात्रियों ने यात्रा की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.62% अधिक है।

वहीं, 22 अक्टूबर को 1,71,753 यात्रियों ने यात्रा की, जो 7.01% की वृद्धि दर्शाता है।

छठ स्पेशल ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाई गई है। 23 अक्टूबर कुल 30 विशेष ट्रेनें दिल्ली क्षेत्र से चलाई गईं, जबकि 24 अक्टूबर को 17 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Also Read: Ayodhya News: युवक के प्रेम में कातिल बनी मां, घोट दिया दो माह की मासूम का गला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.