बसपा में खत्म हुई मंडलीय व्यवस्था, यूपी को 9 जोन में बांटा गया, नियुक्त हुए नए प्रभारी
Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पार्टी संगठन को मज़बूती देने के लिए एक बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। उन्होंने पुरानी मंडलीय व्यवस्था को खत्म करते हुए, अब प्रदेश में जोनल व्यवस्था लागू कर दी है।
इस नई व्यवस्था के तहत, उत्तर प्रदेश को कुल नौ जोन में बांटा गया है। संगठन को क्षेत्रीय स्तर पर अधिक प्रभावी बनाने के लिए हर दो मंडल को मिलाकर एक जोन बनाया गया है। प्रत्येक जोन में अब दो-दो प्रभारी होंगे—एक मुख्य प्रभारी और एक सहायक प्रभारी। मायावती के निर्देश पर जारी नई सूची के अनुसार, कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी गई है।
घनश्याम चंद्र खरवार: इन्हें गोरखपुर, अयोध्या और लखनऊ जैसे महत्वपूर्ण जोनों का मुख्य प्रभारी बनाया गया है।
गया चरण दिनकर: इन्हें प्रयागराज जोन का मुख्य प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि विजय प्रताप को सहायक प्रभारी बनाया गया है।
भीम राजभर (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष): इन्हें मिर्जापुर जोन का मुख्य प्रभारी बनाया गया है और गुड्डू राम सहायक प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
क्यों किया गया यह बदलाव
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बसपा नेतृत्व का मानना है कि यह नई जोनल व्यवस्था संगठन की निगरानी और समन्वय को पहले से कहीं अधिक प्रभावी बनाएगी। बसपा का लक्ष्य है कि इस परिवर्तन से बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़े और आगामी चुनावी रणनीतियों को बेहतर तरीके से जमीन पर उतारा जा सके। पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह पूरा संगठनात्मक परिवर्तन आगामी चुनावों, खासकर 2027 विधानसभा चुनाव, को ध्यान में रखते हुए किया गया है ताकि बसपा की पकड़ प्रदेश के हर क्षेत्र में और मजबूत हो सके।
Also Read: Ayodhya News: पुलिस कांस्टेबल की दबंगई, प्रसाद बेचने वाले युवक का ठेला पलटा, की मारपीट

