श्रावस्ती: मृतक की नानी के आरोप सुन भावुक हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी, बोले- न्याय दिलाएंगे
सीएचसी इकौना में सनसनीखेज आरोप: मृतक की नानी बोलीं- 'नाड़ी चल रही थी, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया'
श्रावस्ती: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इकौना में घायलों के परिजनों से टांके के लिए सुई-धागा बाहर से मंगाने और कथित चिकित्सा लापरवाही का मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। शनिवार को कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के सामने मृतक युवक आकाश की नानी ने सीएचसी के डॉक्टरों पर गंभीर और अमानवीय आरोप लगाए, जिन्हें सुनकर प्रतिनिधिमंडल भावुक हो गया।
‘नाड़ी चल रही थी’ का गंभीर आरोप
पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को प्रदेश कार्यालय से पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास कंजड़वा पहुंचा। मृतक आकाश की नानी ने सिद्दीकी को बताया कि 17 अक्टूबर की भोर में दुर्घटना के बाद घायलों को सीएचसी इकौना लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें बच्चों को देखने नहीं दिया।
नानी ने आरोप लगाया, “मैं जबरदस्ती अंदर गई और आकाश की नाड़ी छुआ तो नाड़ी चल रही थी, जबकि डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था।”
इलाज में लापरवाही और धांधली
नानी ने बताया कि दूसरे घायल बच्चे सूरज का सिर फटा हुआ था। जब उन्होंने टांके के लिए कहा, तो डॉक्टर ने बाहर के मेडिकल स्टोर से सुई-धागा लाने के लिए पर्ची लिख दी। इतना ही नहीं, लाए गए धागे को बदलवाकर दोबारा दूसरा धागा मंगाया गया, लेकिन फिर भी बच्चे को टांका नहीं लगाया गया और मेडिकल कॉलेज बहराइच के लिए रेफर कर दिया गया। सूरज का इलाज अब लखनऊ में चल रहा है।
सीएमओ ने स्वीकार की लापरवाही
नानी की बातें सुनकर नसीमुद्दीन सिद्दीकी भावुक हो गए। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया और सीएमओ से बात की। बातचीत के दौरान सीएमओ ने प्रथम दृष्टया लापरवाही की बात स्वीकार की है। सिद्दीकी ने छुट्टी के दिन सभी स्टाफ को बुलाकर सीएचसी खोलने और बयान लेने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।
भाकियू ने दी प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
इसी बीच, भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का एक प्रतिनिधिमंडल भी मध्यांचल महासचिव विनोद कुमार शुक्ला के नेतृत्व में पीड़ित परिवार से मिला। भाकियू ने घटना और अस्पताल अधीक्षक के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की। विनोद शुक्ला ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, तो यूनियन सीएचसी इकौना के खिलाफ एक प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी, जो पीड़ित को न्याय मिलने तक जारी रहेगा।
रिपोर्ट: माता प्रसाद वर्मा
Also Read: सिद्धार्थनगर: राप्ती नदी में डूबे युवक का शव 21 घंटे बाद बरामद, विधायक ने दिया मदद का आश्वासन

