मुंबई के कांदिवली की हाईराइज बिल्डिंग में भीषण आग, 8 लोग झुलसे

Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई के कांदिवली पश्चिम इलाके में रविवार सुबह एक 16 मंजिला ऊंची इमारत में भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। यह हादसा शंकर लेन स्थित अग्रवाल रेजिडेंसी में हुआ। आग लगने से 8 लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आग की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और बचाव कार्य शुरू किया। फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से सिर्फ 20 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

धुआं फैलने से हुई परेशानी

फायर ब्रिगेड के मुताबिक, आग ग्राउंड प्लस 16 मंजिला इस रिहायशी इमारत की दूसरी मंजिल के रूम नंबर 205 में लगी थी। आग इलेक्ट्रिक वायरिंग, इंस्टॉलेशन और लकड़ी के फर्नीचर तक ही सीमित थी। हालांकि, आग का धुआं तेजी से पूरी इमारत में फैल गया, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। फायर ब्रिगेड की टीम ने बहादुरी दिखाते हुए 8 लोगों (दो पुरुष, तीन महिलाएं और तीन बच्चे) को सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला।

घायलों में एक ही परिवार के लोग शामिल

घायलों को टुंगा हॉस्पिटल, मालाड (पश्चिम) में भर्ती कराया गया। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें आईसीयू (ICU) वार्ड में रखा गया है।

घायलों में चिंतन अभय कोठारी (45), ख्याति चिंतन कोठारी (42), ज्योति अभय कोठारी (66), पार्थ कोठारी (39), ऋद्धि पार्थ कोठारी (36), आयरा पार्थ कोठारी (6), प्रांज पार्थ कोठारी (3) और महावीर चिंतन कोठारी (7) शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, आईसीयू में भर्ती तीनों घायलों की हालत अब स्थिर है।

बीएमसी (BMC) के अनुसार, आग लगने के सही कारणों की जाँच की जा रही है, लेकिन शुरुआती जाँच में इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। पुलिस और दमकल विभाग ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है।

Also Read: आजमगढ़ में खूनी संघर्ष: मेड़ काटने के विवाद में फावड़े से काटकर युवक की हत्या, चार पर केस दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.