सिद्धार्थनगर: युवक को बेरहमी से पीटने के आरोप में SHO मोहाना सहित 4 पुलिसकर्मी निलंबित, जांच के आदेश

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में पुलिस पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक को उठाकर थाने में बेरहमी से पीटने का गंभीर आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। डीआईजी बस्ती रेंज ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष समेत 4 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

मामला सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना थाना क्षेत्र का है। बीती 22 अक्टूबर की रात प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए एक मामूली विवाद के बाद पुलिस ने रजनीश पटेल नामक युवक को हिरासत में लिया था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि चार सिपाहियों ने रजनीश को बाइक पर बैठाकर ले गए और उसकी जानलेवा पिटाई की, जिसके बाद उसे सड़क किनारे फेंक दिया गया।

पिटाई से रजनीश की हालत गंभीर हो गई। उसे पहले बर्डपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फिर मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर और हालत बिगड़ने पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज, और अंततः लखनऊ रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

डीआईजी ने किया एक्शन, 4 पुलिसकर्मी निलंबित

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी बस्ती रेंज संजीव त्यागी देर रात सिद्धार्थनगर पहुंचे और तत्काल जांच शुरू की। प्रारंभिक रिपोर्ट में पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने पर उन्होंने कड़ा एक्शन लिया। मोहाना थाना प्रभारी रोहित कुमार उपाध्याय और चार सिपाहियों राजन सिंह, मनोज यादव, अभिषेक गुप्ता, और मंजीत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

डीआईजी संजीव त्यागी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए है, अत्याचार के लिए नहीं, और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने मामले की जांच सीओ सदर विश्वजीत सौरयान को सौंपी है और तीन दिन में रिपोर्ट मांगी है।

सियासी प्रतिक्रिया और तनाव

इस घटना के बाद जिले में तनाव का माहौल है। समाजवादी पार्टी की प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी विभा शुक्ला और पूर्व विधायक विजय पासवान सहित अन्य नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पुलिसकर्मियों का मानसिक टेस्ट कराने की मांग की है और कहा है कि अगर दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो यह धरना-प्रदर्शन पूरे उत्तर प्रदेश में होगा।

रिपोर्ट : जाकिर खान

 

Also Read: जौनपुर: विंध्याचल दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो खड़े ट्रक से टकराई, तीन की दर्दनाक मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.