आजमगढ़: दूध विक्रेता की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मुबाकरपुर थाना क्षेत्र के मंझरिया (तलवा) में सोमवार की सुबह बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक दूध विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, 52 वर्षीय पतिराज, जो पियरोपुर गांव के निवासी थे और दूध बेचकर अपना जीवन यापन करते थे, सुबह अपनी बाइक से दूध लेकर बाजार जा रहे थे। मंझरिया (तलवा) के पास एक सुनसान जगह पर दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोका और गोली मार दी। गोली लगने से पतिराज की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि पतिराज की पत्नी अपने छोटे बेटे के साथ मायके गई हुई हैं, जबकि उनका बड़ा बेटा बाहर रहकर नौकरी करता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।
Also Read: जस्टिस सूर्यकांत होंगे देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश, CJI गवई ने केंद्र सरकार से की सिफारिश

