बलरामपुर: खलिहान पर कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से मारपीट में 6 से अधिक घायल
16 नामजद सहित 50 अज्ञात पर केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के सेखुईया गांव में खलिहान की जमीन पर कब्जे को लेकर हुए खूनी संघर्ष के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। इस हिंसक झड़प में छह से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें 16 वर्षीय अंकित वर्मा की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है, जिसमें एक पक्ष की तहरीर पर 16 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, यह विवाद सेखुईया गांव में एक खलिहान की जमीन पर पुआल रखने को लेकर शुरू हुआ। पहले शुक्रवार शाम को दोनों पक्षों में मामूली झड़प हुई थी, जिस पर पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई कर मामला शांत करा दिया था।: शनिवार की सुबह दोनों पक्ष उसी खलिहान में पुआल रखने को लेकर फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी बोलेरो गाड़ी और मोटरसाइकिलों में भी तोड़फोड़ की।

पीड़ित पक्ष का आरोप
प्रधान पति शिवानंद वर्मा के पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दबंगों की भीड़ (जिसमें पुरुष और महिलाएं शामिल थीं) हथियार और लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस गई और महिलाओं सहित परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस हमले में अंकित वर्मा, सरोज, राजेंद्र, विनय, सूर्यभान और अन्य लोग घायल हो गए।
पीड़ित विनय कुमार वर्मा ने बताया, “हमारे घर पर चढ़ाई करते हुए गांव के ही ठाकुर समाज के लोगों ने मारपीट की। यह विवाद बस इतना था कि वे हमारी चार पीढ़ियों से काबिज खलिहान की भूमि पर कब्जा करना चाहते थे। मना करने पर पहले दिन उन्होंने मारपीट की। दूसरे दिन जब हम घर से बाहर निकलकर थाने जा रहे थे, तब फिर हम पर हमला किया गया।” पीड़ित पक्ष ने हमलावरों द्वारा जातिवादी गालियाँ दिए जाने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस ने प्रधान पति की तहरीर पर सुमित सिंह, उत्सव सिंह, घमाऊ सिंह, महतो सिंह, सुनील सिंह, अखिलेश प्रताप सिंह, अखंड प्रताप सिंह, अभय प्रताप सिंह, शिवम सिंह, हवलदार सिंह, सनी सिंह, अमर सिंह, बड़कने सिंह, गणेश सिंह और दिनेश सिंह समेत 16 लोगों को नामजद करते हुए 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष का दावा
दूसरे पक्ष के रिश्तेदार अरविंद सिंह ने बताया कि उन्हें फोन से जानकारी मिली कि उनके ससुराल पक्ष के लोगों में मारपीट हुई है। उन्होंने दावा किया कि पहले दिन के विवाद के बाद अगले दिन सुबह उनके ससुर के रिश्तेदार चंद्रप्रकाश सिंह अपने खेत में जा रहे थे, तभी प्रधान पक्ष के लोगों ने उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की।
अरविंद सिंह ने कहा, “उन्हीं को छुड़ाने के लिए जब ससुराल के सारे लोग गए, तब यह विवाद हो गया और जिसका वीडियो वायरल है।” उन्होंने पुलिस पर एक-पक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाते हुए मांग की है कि घटना में शामिल सभी पक्षों की जांच की जाए, क्योंकि दोनों तरफ के लोग चोटिल हुए हैं।

पुलिस का बयान
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विशाल पांडेय ने बताया कि यह विवाद खेत में पुआल रखने को लेकर हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और दोनों पक्षों के खिलाफ निषेधात्मक कार्रवाई की गई है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
रिपोर्ट : योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read: Firozabad News: SIR विवाद पर भड़के अक्षय यादव, बोले- BJP के इशारे पर हो रहा वोटों को काटने का खेल

