पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार अनियंत्रित कार पलटी, 6 लोग घायल; 2 की हालत गंभीर
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कंधरापुर थाना क्षेत्र के दुल्हपार गांव के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। तेज रफ़्तार के कारण एक अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे उसमें सवार एक दंपति सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार की तेज रफ़्तार के कारण वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और कई बार पलटने के बाद पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कार में बिहार के कटिहार जनपद के कोठिया थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी 55 वर्षीय प्रवीण कुमार अपनी 50 वर्षीय पत्नी पूनम, 23 वर्षीय बेटे विनायक राज, 20 वर्षीय आदित्य राज, 20 वर्षीय सिद्धार्थ तोमर और 45 वर्षीय चालक यास्मीन उर्फ पिंटू के साथ दिल्ली जा रहे थे।
सभी छह घायलों को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक पिंटू और प्रवीण कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ-साथ यूपीडा (UPIDA – उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण) की टीम मौक़े पर पहुँची और तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

