Vodafone Idea को मिल सकता है नया मालिक, यह कंपनी कर सकती है 4-6 अरब डॉलर का निवेश

Vodafone Idea News : वोडाफोन आइडिया लिमिटेड, जो लंबे समय से वित्तीय संकट से जूझ रही है, उसे एक बड़ी राहत मिलती नज़र आ रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, न्यूयॉर्क स्थित इक्विटी फर्म टिलमैन ग्लोबल होल्डिंग्स (TGH) कंपनी में 4-6 अरब डॉलर (लगभग 35,000 से 52,800 करोड़ रुपये) का भारी-भरकम निवेश कर सकती है. इसके साथ ही वह कंपनी का परिचालनिक नियंत्रण भी अपने हाथ में ले सकती है.

सरकारी राहत पर टिका है सौदा

हालाँकि, यह पूरा निवेश भारत सरकार द्वारा दिए जाने वाले एक राहत पैकेज पर निर्भर करेगा. इस पैकेज में एजीआर और स्पेक्ट्रम से जुड़े बकाया देनदारियों में छूट शामिल हो सकती है. अगर सरकार की तरफ से यह राहत मिल जाती है, तो अनुमान है कि यह सौदा कुछ ही महीनों में पूरा हो सकता है.

Vodafone Idea को मिल सकता है नया मालिक, यह कंपनी कर सकती है 4-6 अरब डॉलर का निवेश

इस संभावित निवेश की अटकलों ने ही सोमवार को वोडाफोन आइडिया के शेयरों में 5% से ज़्यादा की उछाल ला दी. शेयर BSE पर 5.26% चढ़कर 9.19 रुपये के स्तर पर पहुँच गए. पिछले तीन महीनों में तो कंपनी के शेयरों में 36% से अधिक की जबरदस्त बढ़त दर्ज की गई है, जो बाजार के नए विश्वास को दर्शाता है.

कंपनी की कमान बदल सकती है

रिपोर्ट्स की मानें तो अगर यह सौदा फाइनल हो जाता है, तो TGH कंपनी में प्रमोटर का दर्जा हासिल कर लेगी. इसका मतलब यह होगा कि वर्तमान प्रमोटर – आदित्य बिड़ला ग्रुप और वोडाफोन की यूके यूनिट – का नियंत्रण समाप्त हो जाएगा. वहीं, सरकार, जो इस समय लगभग 49% हिस्सेदारी के साथ कंपनी की सबसे बड़ी शेयरधारक है, वह एक निष्क्रिय निवेशक बनी रहेगी.

क्यों ज़रूरी है यह निवेश?

वोडाफोन आइडिया पर इस समय AGR बकाया समेत लगभग 2 लाख करोड़ रुपये का भारी वित्तीय बोझ है. अगर सरकार की तरफ से कोई राहत नहीं मिली और बाहरी निवेश नहीं हुआ, तो कंपनी के दिवालिया होने का खतरा मंडरा रहा है. ऐसे में टिलमैन ग्लोबल का यह संभावित निवेश कंपनी के लिए एक जीवन रेखा साबित हो सकता है.

Get real time updates directly on you device, subscribe now.