Prayagraj News: अखिलेश यादव के करीबी सपा नेता गुलशन यादव की करोड़ों की संपत्ति कुर्क

Prayagraj News: प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के नेटवर्क को तोड़ने के बाद, अब आईपीएस अधिकारी दीपक भूकर ने प्रतापगढ़ में माफियागिरी खत्म करने का बीड़ा उठाया है। इसी कड़ी में, पुलिस ने एक लाख के इनामी सपा नेता गुलशन यादव पर बड़ा शिकंजा कसा है।

ढोल बजाकर मुनादी, कोठी सील

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी माने जाने वाले गुलशन यादव पर गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज होने के बाद, प्रतापगढ़ पुलिस ने उनकी प्रयागराज स्थित कोठी को कुर्क करके सील कर दिया है। पुलिस ने कुर्की की जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए ढोल भी बजवाया और लाउडस्पीकर से मुकदमे की पूरी जानकारी की मुनादी कराई। कुर्की का बोर्ड लगाने के साथ ही पुलिस ने यह चेतावनी भी दी है कि कुर्क की गई प्रॉपर्टी से छेड़छाड़ करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

4 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त

पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट 14(1) के तहत यह बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन अलग-अलग प्रॉपर्टी, जो कुल 438 वर्ग मीटर की हैं, को कुर्क किया है। इन कुर्क की गई प्रॉपर्टी की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

जिस कोठी को कुर्क किया गया है, वह प्रयागराज के कर्नलगंज इलाके में है और इसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये है। आईपीएस दीपक भूकर ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर गुलशन यादव की अवैध संपत्ति को गैंगस्टर की धारा 14/1 के तहत कुर्क किया गया है और उनकी अन्य संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। यह कार्रवाई डीएम प्रतापगढ़ के 23 अप्रैल 2025 के आदेश पर की गई।

कौन हैं गुलशन यादव

गुलशन यादव पर प्रतापगढ़ सहित कई शहरों में कुल 53 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उन पर एक लाख रुपये का इनाम रखा है। वह प्रतापगढ़ के कुंडा से जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ चुनाव लड़ा था और उन्हें कड़ी टक्कर दी थी।

Also Read: IPL 2026: पंजाब किंग्स में बड़ा फेरबदल तय, स्टार खिलाड़ियों की छुट्टी लगभग पक्की

Get real time updates directly on you device, subscribe now.