इंडोनेशिया में भूस्खलन से 2 की मौत, 21 लोग लापता, मध्य जावा में भारी बारिश से हादसा

Sandesh Wahak Digital Desk: इंडोनेशिया के मध्य जावा प्रांत में गुरुवार रात को भारी बारिश के कारण भूस्खलन की एक बड़ी घटना सामने आई है, जिसमें जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 21 अन्य लापता बताए जा रहे हैं।

प्रांतीय डिजास्टर मैनेजमेंट एंड मिटिगेशन एजेंसी की इमरजेंसी यूनिट के प्रमुख मोहम्मद चोमसुल ने शुक्रवार सुबह जानकारी दी। एक न्यूज एजेंसी के अनुसार, सिलाकैप रीजेंसी के सिब्यूनयिंग गाँव की सिबुयुत और तारुकाहान बस्तियों में भारी बारिश के कारण यह भूस्खलन हुआ।

अधिकारी ने बताया, भूस्खलन रिहायशी इलाकों में हुआ और इसमें लोग हताहत हुए। दो लोगों की मौत हो गई, तीन घायल हुए और 21 अन्य लापता हो गए।

लापता लोगों की तलाश और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है, जिसमें स्थानीय आपदा एजेंसी, सर्च एंड रेस्क्यू कार्यालय, सेना, सरकारी संस्थानों और स्वयंसेवकों के कर्मचारी शामिल हैं। अभियान में तेज़ी लाने के लिए भारी मशीनरी भी तैनात की गई है।

इस बीच, इंडोनेशिया पिछले हफ्ते हुई एक और घटना के कारण चर्चा में था। पिछले शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान जकार्ता में एक मस्जिद में धमाका हुआ था, जिसमें 55 लोग घायल हो गए थे। उत्तरी जकार्ता में नौसेना परिसर के अंदर स्थित एक स्कूल की मस्जिद में यह विस्फोट शुक्रवार दोपहर के आसपास हुआ था।

Also Read: ईडी के समन पर नहीं पहुंचे अनिल अंबानी, वर्चुअल पेशी का दिया प्रस्ताव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.