आजमगढ़: प्रेम प्रसंग में हत्या के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, मुख्य अभियुक्त घायल; दो साथी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद आजमगढ़ के थाना पवई क्षेत्र में एक प्रेम प्रसंग से जुड़े हत्याकांड में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी और उसके साथियों के साथ पुलिस की देर रात मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में हत्या का मुख्य आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

मुठभेड़ और गिरफ्तारी

थाना पवई पुलिस 13 नवंबर को ओरिल-केवटाना गांव में नरेन्द्र बिंद की हत्या के मामले में वांछित तीन अभियुक्तों की तलाश में थी। मुखबिर की सूचना पर रसूलाबाद मोड़ के पास घेराबंदी की गई। काली पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे। मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिरने के बाद, एक अभियुक्त ने पुलिस टीम पर गोली चला दी।

आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपी नीरज (22 वर्ष, निवासी ओरिल केवटाना) के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल नीरज और उसके दो साथियों  शिवशंकर उर्फ शंकर (21 वर्ष, निवासी जौनपुर) और सूरज उर्फ मंटू (19 वर्ष, निवासी ओरिल केवटाना) को मौके पर ही धर दबोचा। घायल आरोपी नीरज को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी पवई भेज दिया गया।

हत्या का खुलासा और बरामदगी

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने पुरानी रंजिश के चलते 13 नवंबर की सुबह करीब 4:30 बजे नरेन्द्र बिंद को खेत के पास चकरोड पर रोककर डंडों से पीट-पीटकर मार डाला था।

अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, हत्या में प्रयुक्त तीन डंडे और काली पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। तीनों अभियुक्तों को संबंधित धाराओं के तहत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: नीतीश कुमार ही बनेंगे बिहार के अगले CM, PM मोदी ने ‘सुशासन की जीत’ बताकर नेतृत्व पर लगाई मुहर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.