NEET/IIT-JEE से अलग, डिफेंस सेक्टर में करियर के हैं सुनहरे अवसर: तालीमी बेदारी गोष्ठी में बोले विशेषज्ञ

Sandesh Wahak Digital Desk: तालीमी बेदारी के केंद्रीय कार्यालय में शुक्रवार को ‘डिफेंस सेक्टर में करियर’ (Career in Defence Sector) विषय पर एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में मुख्य वक्ता फरहाना अल्मेल (एकेडमिक डायरेक्टर, ADCI NDA एकेडमी पुणे) ने छात्रों को रक्षा क्षेत्र में भविष्य बनाने के विभिन्न विकल्पों पर मार्गदर्शन दिया।

मुख्य फोकस: 10वीं/12वीं के बाद के विकल्प

फरहाना अल्मेल ने 10वीं और 12वीं कक्षा के बाद छात्रों को NEET और IIT-JEE जैसी परंपरागत परीक्षाओं के अलावा डिफेंस सेक्टर में भी करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों को RMS, सैनिक स्कूल, NDA, और CDS जैसे महत्वपूर्ण सेक्टरों में करियर बनाने के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में डॉक्टर और इंजीनियर बनने की होड़ में सलेक्शन दर काफी कम है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा में हर साल 28 लाख से ज्यादा लोग फॉर्म भरते हैं, लेकिन सफल केवल 1 लाख ही हो पाते हैं। ऐसे में 27 लाख छात्रों को डिफेंस जैसे अन्य क्षेत्रों में भी अपनी किस्मत आज़मानी चाहिए, जहाँ अवसरों की भरमार है।

एकेडमी का अनुभव और मार्गदर्शन

फरहाना अल्मेल ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी एकेडमी ने पिछले कई सालों में 750 ऑफिसर दिए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी एकेडमी पूरे देश में उन छात्रों की काउंसलिंग करती है जो कुछ करना चाहते हैं और उनके कलेवर के हिसाब से उन्हें आगे बढ़ाती है। एकेडमी भविष्य निर्माण में आवश्यक ईमानदारी और सच्चाई से सभी पहलुओं पर ध्यान देती है।

कार्यक्रम में उपस्थिति

गोष्ठी का सफल संचालन तालीमी बेदारी उत्तर प्रदेश के महामंत्री मारूफ़ अहमद ने किया। इस अवसर पर संस्था के कोषाध्यक्ष नौशाबा मुमताज ने मुख्य अतिथि फरहाना अल्मेल को मोमेंटो और बुके देकर सम्मानित किया। इस मौके पर संस्था के महामंत्री निहाल अहमद, शादाब अंसारी, आज़म सिद्दीकी, अनस अंसारी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Also Read: कैसरगंज संपूर्ण समाधान दिवस: CDO ने सुनीं जनता की शिकायतें, लापरवाह अधिकारियों को सख्त चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.