सिद्धार्थनगर में उर्वरक दुकानों पर जिला प्रशासन का छापा, दो प्रतिष्ठान निलंबित; कालाबाजारी करने वालों पर होगी FIR

Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जनपद के किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक सुचारू रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से, जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जी एन के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को तहसील शोहरतगढ़ के सीमावर्ती (बार्डर) क्षेत्र में लगभग 12 निजी उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण और कड़ी कार्रवाई

जिला कृषि अधिकारी मुहम्मद मुजम्मिल द्वारा किए गए निरीक्षण में उर्वरकों की दर, भौतिक स्टॉक, POS मशीन की उपलब्धता, बिक्री और स्टॉक रजिस्टर की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दो उर्वरक प्रतिष्ठानों के प्राधिकार पत्र को निलंबित कर दिया गया है। बिना किसी सूचना के प्रतिष्ठान बंद पाया गया। प्रतिष्ठान पर बैनर नहीं लगा था और अभिलेख (दस्तावेज) अपूर्ण पाए गए। सभी विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिया गया है कि उर्वरकों की बिक्री उचित दर पर, आधार कार्ड और खतौनी के आधार पर ही करें।

विक्रेताओं को यह भी निर्देशित किया गया है कि उर्वरकों की बिक्री करते समय अन्य कम प्रचलित उत्पादों की टैगिंग (जबरन बिक्री) कदापि न करें। जिला कृषि अधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि टैगिंग या कालाबाजारी की कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित विक्रेता का प्राधिकार पत्र तुरंत निरस्त करते हुए प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराई जाएगी।

किसानों के लिए निर्देश और कंट्रोल रूम

जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया है कि जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित मूल्य पर ही खरीदारी करें। किसान भाई अपना आधार कार्ड, खतौनी साथ रखें और POS मशीन में अंगूठा लगाने के बाद प्राप्त पर्ची के अनुसार ही निर्धारित मूल्य पर उर्वरकों की खरीदारी करें। यदि उर्वरक खरीदने में किसी भी प्रकार की समस्या आती है, तो किसान जनपद में स्थापित कंट्रोल रूम के नंबर 05544-297271 और 9935260276 पर अपनी शिकायत दर्ज कराकर समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: बिहार: चुनाव हार के बाद राजद की पहली समीक्षा बैठक, तेजस्वी यादव सर्वसम्मति से बने नेता प्रतिपक्ष

Get real time updates directly on you device, subscribe now.