‘सरकार कारोबारियों को डरा रही है’, अखिलेश यादव ने दालमंडी डिमोलिशन पर BJP को घेरा
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी नीतियों से कारोबारियों को डरा रही है, जिससे वे खुलकर अपनी बात नहीं कह पा रहे हैं। यादव ने वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में प्रस्तावित चौड़ीकरण और डिमोलिशन को एक ‘पॉलिटिकल डिमोलिशन’ बताया।
डिमोलिशन पर गंभीर आरोप
अखिलेश यादव ने दालमंडी के व्यापारियों के साथ अपनी बातचीत का हवाला देते हुए भाजपा सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच बहुत संकीर्ण और नकारात्मक है। दालमंडी में चौड़ीकरण के नाम पर लोगों को बेवकूफ बनाया जा रहा है, और यह एक साजिश है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि दालमंडी में यह कार्रवाई इसलिए की जा रही है क्योंकि भाजपा वहाँ से चुनाव नहीं जीत पा रही है। उन्होंने कहा कि यह डिमोलिशन राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित है।
उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सरकार को किसी की जीविका छीनने का अधिकार नहीं है। अधिकारियों के माध्यम से डर और दबाव की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने लखनऊ के अकबरनगर में हुए डिमोलिशन और मुआवजे के मुद्दे को भी उठाया और चेतावनी दी कि जनता को दुख देने वाले अधिकारियों से वसूली की जाएगी।
कानून-व्यवस्था और खोखले दावे
सपा अध्यक्ष ने कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर भी सरकार को घेरा और कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह बर्बाद हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में न व्यापारी सुरक्षित हैं और न बेटियां। लूट, अपहरण और हत्याएं खुलेआम हो रही हैं।
उन्होंने एटा में बीए की छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या और प्रयागराज में सूचना विभाग के उपनिदेशक के शव मिलने जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री तक कानून-व्यवस्था को लेकर झूठे दावे करते हैं।
विकास कार्यों पर पलटवार
अखिलेश यादव ने भाजपा के विकास के दावों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि आज मेट्रो जितनी चल रही है, वह सपा की देन है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने वाराणसी मेट्रो का डीपीआर तैयार किया था, लेकिन भाजपा ने उसे रोक दिया। भाजपा को “बेचने वाले लोग” बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने मॉल बेच दिए और वरुणा रिवरफ्रंट के कार्य को भी रोक दिया।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि अयोध्या की जनता ने भाजपा को हराकर दिखा दिया है, और 2024 में सपा भाजपा को हराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Also Read: सहारा समूह के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर ओपी श्रीवास्तव को ED ने किया अरेस्ट, मनी लॉन्ड्रिंग के हैं आरोप

