अफार के Hayli Gubbi ज्वालामुखी में विस्फोट, भारत तक असर

Sandesh Wahak Digital Desk: इथियोपिया के अफार क्षेत्र में स्थित Hayli Gubbi ज्वालामुखी रविवार (23 नवंबर) को फट गया, जिसके बाद उठी राख का गुबार पूर्व की ओर अरब सागर होते हुए भारत तक पहुंच गया। आसमान में फैले इसी राख के बादल ने भारतीय विमानन क्षेत्र पर सीधा असर डालना शुरू कर दिया है। उड़ानों की सुरक्षा को देखते हुए कई एयरलाइंस ने रूट बदलने, उड़ानें रद्द करने और यात्रियों को इंतजार में रखा है।

उड़ानों पर सीधा प्रभाव, अलर्ट पर एयरलाइंस 

दरअसल ज्वालामुखी की राख के भारतीय उपमहाद्वीप तक पहुंचने से कई फ्लाइट्स को कैंसिल करना पड़ा। आकासा एयर ने जेद्दा, कुवैत और अबू धाबी के लिए 24 और 25 नवंबर की उड़ानें रद्द कर दी हैं, जबकि डच एयरलाइन्स KLM ने एम्स्टर्डम-दिल्ली (KL 871) और दिल्ली-एम्स्टर्डम (KL 872) उड़ानें रोक दी हैं। उड़ानों की सुरक्षा और दृश्यता पर राख के प्रभाव को देखते हुए एयरलाइंस सतर्क मोड में हैं।

वहीं एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर यात्रियों को आश्वस्त किया कि स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है और ऑपरेटिंग क्रू के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है। एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था की जाएगी।

उधर, इंडिगो ने भी यात्रियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि राख का यह गुबार पश्चिमी भारत की ओर बढ़ रहा है और इसी कारण सतर्कता बढ़ा दी गई है। इंडिगो ने साफ किया कि चिंता की स्थिति में भी यात्रियों की सुरक्षा ही पहली प्राथमिकता है और इसके लिए अंतरराष्ट्रीय एविएशन बॉडीज के साथ मिलकर नजर रखी जा रही है।

DGCA की एडवाइजरी, एयरपोर्ट्स को निर्देश

वहीं भारत की विमानन नियामक संस्था DGCA ने सभी एयरलाइंस और एयरपोर्ट्स को एडवाइजरी जारी की है। इथियोपिया में ज्वालामुखी की गतिविधियों से पैदा हुए राख के गुबार के चलते दृश्यता कम होने और इंजनों को नुकसान का खतरा बढ़ जाता है। इसी कारण DGCA ने एयरलाइंस को सतर्क रहने और जोखिम कम करने के लिए जरूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

वहीं फ्लाइट्स कैंसिल या रूट बदलने की वजह से यात्रियों को असुविधा हो सकती है, लेकिन एयरलाइंस का कहना है कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। ग्राउंड टीमें यात्रियों को लगातार अपडेट देती रहेंगी। यात्रियों को भी सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ानों की स्थिति की जानकारी लगातार लेते रहें और एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर केयर से अपडेट प्राप्त करें।

 

Also Read: धर्मेंद्र के जाने पर टूटे बॉलीवुड सितारे, हेमा मालिनी और ईशा देओल का वीडियो कर रहा भावुक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.