सैफई में आर्यन-सेरिंग की भव्य शादी, देवर की बारात लेकर पहुंचीं डिंपल यादव

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन यादव मंगलवार को लद्दाख की सेरिंग के साथ परिणय सूत्र में बंध गए। सैफई में आयोजित इस शादी समारोह में पूरा यादव कुनबा एकजुट नजर आया, और राजनीतिक मतभेद भुलाकर योगी सरकार के मंत्री भी शरीक हुए।

यादव कुनबा हुआ एकजुट

भाभी और कन्नौज की सांसद डिंपल यादव देवर आर्यन की बारात लेकर पहुंचीं। एक भव्य स्टेज पर आर्यन ने दुल्हन सेरिंग को जयमाला पहनाई। विवाह के बाद वर-वधू ने मंच से हाथ जोड़कर तथा चाचा रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव, अखिलेश यादव और परिवार के अन्य सभी सदस्यों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। शादी में अखिलेश यादव, डिंपल यादव, रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव, बदायूं सांसद आदित्य यादव, आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव और करहल विधायक तेज प्रताप यादव समेत परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे। इससे पहले रविवार को हुई हल्दी और प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन में भी डिंपल यादव डांस करती नजर आईं थीं।

राजनीतिक दिग्गजों की उपस्थिति

विवाह समारोह में वीवीआईपी मेहमानों की भीड़ दिखी। सपा के सभी सांसद-विधायक, अफजाल अंसारी और मोहिबुल्लाह नदवी जैसे नेता मौजूद रहे। खास बात यह रही कि योगी सरकार के मंत्री दिनेश सिंह और आगरा से सांसद एसपी सिंह बघेल भी शादी में पहुंचे, जिनका स्वागत अखिलेश यादव ने गर्मजोशी से किया।

50,000 लोगों के लिए विशेष दावत

शादी समारोह में लगभग 50,000 लोगों के लिए खान-पान का इंतजाम किया गया था। दावत में इटावा के शुद्ध मठई के आलू, पनीर छोले, इमरती, काला जाम समेत करीब 10 व्यंजन परोसे गए। इन व्यंजनों को दिल्ली, फिरोजाबाद और लखनऊ से आए कारीगरों ने बनाया। 1500 वीआईपी लोगों के लिए स्पेशल डिश बनाई गई थी। लद्दाख से आए दुल्हन के परिवार के लिए होटल से विशेष भोजन मंगाया गया था।

आर्यन-सेरिंग का परिचय

वह मुलायम सिंह यादव के चौथे नंबर के भाई स्वर्गीय राजपाल यादव के बेटे हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बी.कॉम (ऑनर्स) और सिडनी यूनिवर्सिटी से एम.कॉम किया है। दुल्हन सेरिंग लद्दाख के कॉन्ट्रैक्टर रिंगजान अंगचुक की बेटी हैं और सुप्रीम कोर्ट तथा दिल्ली हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करती हैं। उनकी रिंग सेरेमनी 15 दिसंबर 2024 को दिल्ली में हुई थी।

Also Read: बिहार में बड़ा सड़क हादसा: CNG ऑटो और ट्रक की टक्कर में 6 लोगों की मौत, 3 की हालत गंभीर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.