पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच की मांग ने पकड़ा जोर, अधिवक्ता आज सांसदों का करेंगे घेराव
मेरठ, उत्तर प्रदेश। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की दशकों पुरानी मांग एक बार फिर जोर पकड़ रही है। इसी क्रम में, मेरठ के अधिवक्ता बुधवार को न्यायिक कार्य से पूरी तरह विरत रहेंगे और अपनी मांग को लेकर अपने-अपने क्षेत्र के सांसदों का घेराव करेंगे।
मंगलवार को मेरठ बार एसोसिएशन और जिला बार एसोसिएशन की संयुक्त बैठक में इस आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
न्यायिक कार्य से पूर्ण विरत रहने का निर्देश
मेरठ बार एसोसिएशन के महामंत्री राजेंद्र सिंह राणा ने बताया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस सभागार में हुई बैठक में यह महत्वपूर्ण रणनीति तय की गई।
सभी अधिवक्ता हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर अपने सांसदों का घेराव करेंगे। यह तय किया गया कि सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से पूरी तरह विरत रहेंगे। यदि कोई अधिवक्ता कोर्ट में कार्य करता पाया गया, तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आंदोलन को और तेज़ करने का संकल्प
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव कुमार त्यागी और अन्य वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने जोर देकर कहा कि हाईकोर्ट बेंच की मांग क्षेत्र की अपरिहार्य जरूरत है, और इसके लिए आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।
संयुक्त बैठक की अध्यक्षता संजय शर्मा ने की और संचालन राजेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान मेरठ बार एसोसिएशन और जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
Also Read: लखीमपुर खीरी में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित कार शारदा नदी में गिरी, 5 लोगों की मौत

