बलूचिस्तान में 24 घंटे में 7 धमाकों से दहशत, रेलवे लाइन उड़ाई, BLA पर लगा हमलों का आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में पिछले 24 घंटों के भीतर हुए 7 सिलसिलेवार धमाकों और ग्रेनेड हमलों ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है। इन सुनियोजित हमलों में दो निजी सुरक्षा गार्ड घायल हुए हैं, जबकि सबसे गंभीर हमले में क्वेटा की रेलवे लाइन उड़ गई है, जिसके कारण रेल सेवाओं को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया गया है। शनिवार देर रात क्वेटा से शुरू हुई हिंसा का सिलसिला कई जगहों तक फैला।

रेलवे ट्रैक उड़ाया, पुलिस चौकी पर ग्रेनेड

आतंकवादियों ने सुनियोजित तरीके से हमलों को अंजाम दिया। सबसे गंभीर हमला लोहर कहरेज के पास रेलवे ट्रैक पर किया गया, जहाँ आतंकवादियों ने आईईडी (IED) प्लांट कर रखी थी। जैसे ही जफर एक्सप्रेस ट्रेन नजदीक पहुँची, विस्फोट हो गया। धमाके से कई मीटर पटरी उड़ गई और क्वेटा-कराची और क्वेटा-चमन रूट पर सभी ट्रेनें रद्द कर दी गईं।

उग्रवादियों ने सबसे पहले शहर के स्पिनी रोड इलाके में एक पुलिस चौकी पर दो हैंड ग्रेनेड फेंके। इसके कुछ देर बाद आतंकवाद-विरोधी विभाग (CTD) की गश्ती गाड़ी के पास भी एक शक्तिशाली आईईडी विस्फोट किया गया। डेरा मुराद जमाली में गश्त कर रही पुलिस की मोबाइल वैन पर भी ग्रेनेड फेंका गया, हालाँकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

क्वेटा के सरीब रोड पर एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के निर्माण स्थल पर भी ग्रेनेड फेंके गए, जिससे मशीनरी को भारी नुकसान हुआ और दो निजी सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशंस) आसिफ खान ने बताया, ये सभी हमले एक ही संगठित गिरोह के हैं। ये सुनियोजित थे और इनका मकसद बलूचिस्तान में डर का माहौल पैदा करना तथा विकास परियोजनाओं को निशाना बनाना है।

अधिकारियों का मानना है कि इन हमलों के पीछे बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) या उसके सहयोगी गुटों का हाथ हो सकता है। सुरक्षा बलों ने पूरे प्रांत में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और क्वेटा में धारा 144 लागू कर दी गई है।

Also Read: Lucknow News: डेढ़ करोड़ की हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.