पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर फिर तनाव, कंधार के पास दोनों सेनाओं में भीषण गोलीबारी
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। ताजा घटनाक्रम में, दोनों देशों की सेनाओं के बीच भारी गोलीबारी की खबर सामने आई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर संघर्ष शुरू करने का आरोप लगाया है।
अफगानिस्तान की सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि पाकिस्तान ने शुक्रवार देर रात अफगानिस्तान के कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक जिले में हमला किया, जिसके बाद अफगान सेना को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। मुजाहिद ने पोस्ट किया, दुर्भाग्य से, आज शाम पाकिस्तानी पक्ष ने एक बार फिर कंधार के स्पिन बोल्डक जिले में अफगानिस्तान की ओर हमले किए, जिसके बाद इस्लामिक अमीरात सेना को जवाब देना पड़ा।
देर रात तक चली झड़प, लोग घायल
पाकिस्तान मीडिया डॉन ने क्वेटा के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया कि यह गोलीबारी शुक्रवार रात करीब 10 बजे शुरू हुई और देर रात तक जारी रही। चमन जिला अस्पताल के अधीक्षक मुहम्मद ओवैस के अनुसार, गोलीबारी में एक महिला समेत तीन लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है।
यह झड़प ऐसे समय में हुई है, जब सऊदी अरब समेत तुर्किए और कतर जैसे देश दोनों पड़ोसी मुल्कों के बीच सुलह कराने की लगातार कोशिशें कर रहे हैं। कतर और तुर्किए की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच तीन दौर की बैठकें भी हो चुकी हैं, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला।
दोनों देशों के बीच एक लंबे समय तक चलने वाले संघर्ष विराम पर सहमति नहीं बन पाई है। इस अस्थिर सीमा पर एक महीने से भी ज्यादा समय से भारी लड़ाई चल रही है, जिसमें यह भी कहा जा रहा है कि इस्लामाबाद ने अफगानिस्तान के अंदर हवाई हमले भी किए हैं। वहीं दूसरी ओर, पाकिस्तान से लाखों अफगान शरणार्थियों को वापस भेजे जाने की खबरें भी लगातार सामने आ रही हैं, जिससे दोनों देशों के संबंध और भी बिगड़ गए हैं।

