‘असमिया लोगों को बांग्लादेशी कहना असंवैधानिक’, लखनऊ मेयर माफी मांगें, कांग्रेस ने उठाए सवाल

Sandesh  Wahak Digital Desk: लखनऊ में असमिया समुदाय के लोगों को मेयर सुषमा खर्कवाल द्वारा जगह खाली करने के फरमान और उन्हें कथित तौर पर ‘बांग्लादेशी’ या ‘रोहिंगिया’ कहे जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शाहनवाज आलम ने प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर मेयर के इस कदम को असंवैधानिक बताया और उनसे माफी मांगने की मांग की।

मेयर के फरमान और कांग्रेस के आरोप

हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घुसपैठियों को चिन्हित कर डिटेंशन सेंटर में रखने का आदेश दिया था। इसके बाद मेयर सुषमा खर्कवाल ने गुडंबा थाने के पास स्थित फूलबाग में रह रहे असमिया लोगों की बस्ती में जाकर उन्हें 15 दिनों के भीतर जगह खाली करने का निर्देश दिया।

शाहनवाज आलम ने कहा कि असम भारत का हिस्सा है और लखनऊ में रह रहे असमिया लोग भारत के नागरिक हैं। उन्हें बांग्लादेशी कहकर मेयर उनकी भारतीय नागरिकता पर प्रश्नचिन्ह लगा रही हैं और अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा कर रही हैं।

कांग्रेस के शहर अध्यक्ष डॉ. शहजाद आलम ने बस्ती का दौरा करने के बाद दावा किया कि लोगों के पास असम के बारपेटा और गोलपाड़ा जिले के नागरिक होने के सारे प्रमाण हैं, जिनमें NRC दस्तावेज भी शामिल हैं। कांग्रेस ने मांग की कि इन असमिया लोगों को हटाए जाने पर रोक लगनी चाहिए और नगर निगम व पुलिस द्वारा जबरन छीने गए उनके ठेले तुरंत वापस किए जाने चाहिए।

हिंसा और नफरती राजनीति की चेतावनी

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सिंह ने आरोप लगाया कि मेयर जबरदस्ती बंगला बोलने वालों को विदेशी साबित करने के दबाव में भारतीय लोगों को ही निशाना बना रही हैं।

शाहनवाज आलम ने चेतावनी दी कि अगर असमिया बोलने वालों को यूपी से भगाया गया, तो असम में भी उल्फा जैसे आतंकवादी संगठन हिंदी भाषी लोगों के खिलाफ हिंसा फैला सकते हैं, जिसकी जिम्मेदारी भाजपा की होगी।

पीड़ितों की आपबीती

18 साल से सफाई कर्मी का काम कर रहे इम्तियाज और 15 साल से रह रहे अलीमुद्दीन ने बताया कि मेयर के साथ आई पुलिस ने उनके ठेले तोड़कर ले लिए और उन्हें 15 दिन में लखनऊ छोड़ने की धमकी दी, जबकि वे निजी प्लॉट पर किराया देकर रह रहे हैं।

Also Read: यूपी में SIR अभियान ‘सरकार की चाल’, भाजपा की साजिश को PDA करेगा नाकाम: माता प्रसाद पांडेय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.