हनुमानगढ़ में एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में किसानों का प्रदर्शन उग्र, 14 वाहन फूंके गए, इंटरनेट बंद
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के राठीखेड़ा गांव में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में चल रहा किसानों का आंदोलन बुधवार को हिंसक हो गया, जिसके बाद गुरुवार सुबह भी इलाके में भारी तनाव का माहौल है। प्रदर्शनकारियों ने निर्माणाधीन ड्यून एथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड प्लांट की दीवार तोड़ दी, जिसके बाद किसान और पुलिस आमने-सामने आ गए।
हिंसक झड़प में 50 से अधिक घायल
हिंसक झड़प के दौरान किसानों ने कथित तौर पर 14 वाहनों को आग के हवाले कर दिया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इस पूरी झड़प में 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। लाठीचार्ज में कांग्रेस विधायक अभिमन्यु पूनिया के सिर में चोट आई, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
इंटरनेट बंद, स्कूल-कॉलेज की छुट्टी
हिंसा बढ़ने के बाद प्रशासन ने तुरंत ऐक्शन लेते हुए टिब्बी इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं और सभी स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। क्षेत्र में हालात नियंत्रित करने के लिए 700 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिसके कारण पूरा इलाका एक छावनी जैसा लग रहा है।
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में एथेनॉल फैक्ट्री के निर्माण कार्य को लेकर किसानों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन उग्र हुआ तो किसानों ने गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने भीड़ को काबू में करने के लिए लाठी चार्ज की, आंसू गैस के गोले और रबर बुलेट का भी इस्तेमाल किया। pic.twitter.com/4xVFgBKuDy
— Ramandeep Singh Mann (@ramanmann1974) December 10, 2025
फैक्ट्री बंद हो, नहीं मिली पर्यावरण मंजूरी
किसान इस फैक्ट्री को पूरी तरह से बंद करवाने की मांग पर अड़े हुए हैं। किसानों का आरोप है कि कंपनी को अभी तक पर्यावरण मंजूरी (Environment Clearance) नहीं मिली है, इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी है। उनका यह भी कहना है कि प्रशासन ने निर्माण रोकने का कोई लिखित आश्वासन नहीं दिया है। गुरुवार सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान एक बार फिर प्रदर्शन स्थल के पास गुरुद्वारे में जुटना शुरू हो गए हैं। कांग्रेस नेता और किसान संगठनों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है और सभी से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।
Also Read: यूपी में घना कोहरा और ठिठुरन बढ़ी, लखनऊ समेत कई जिलों में अलर्ट जारी

