गौतम ने ही किया टीम इंडिया का बुरा हाल! बल्लेबाजी में उथल-पुथल पर उठ रहे ‘गंभीर’ सवाल

Sandesh Wahak Digital Desk: साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे T20 इंटरनेशनल में 51 रन की करारी हार के बाद टीम इंडिया की रणनीति पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।

214 रन का लक्ष्य पीछा करते हुए भारतीय टीम 162 रन पर सिमट गई। हार की सबसे बड़ी वजह मानी जा रही है लगातार बदलता बल्लेबाजी क्रम, जिसके पीछे टीम के हेड कोच गौतम गंभीर का दर्शन बताया जा रहा है।

गंभीर हाल ही में बयान दे चुके हैं कि “व्हाइट-बॉल क्रिकेट में बैटिंग ऑर्डर ओवररेटेड है”, और ओपनर्स को छोड़ सभी बल्लेबाजों को किसी भी नंबर पर खेलने के लिए तैयार रहना चाहिए। लेकिन इसी प्रयोग ने टीम की बैटिंग को अस्थिर कर दिया।

Gautam Gambhir

मैच में क्या गलत हुआ?

  • शुभमन गिल को एक और मौका देते हुए ओपनिंग कराई गई, लेकिन वे पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो गए।

  • टीम को टिककर खेल सकने वाले बल्लेबाज की जरूरत थी, मगर अक्षर पटेल को नंबर-3 पर भेजा गया—जहां वे 21 गेंदों में सिर्फ 21 रन ही बना पाए।

  • नियमित नंबर-3 सूर्यकुमार यादव को चौथे नंबर पर उतारा गया, जहां उनका खराब फॉर्म जारी रहा और वे 5 रन बनाकर लौट गए।

  • पिछले मैच में नंबर-3 खेलने वाले तिलक वर्मा को इस बार नंबर-5 भेजा गया। उन्होंने 62 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन तब तक मैच हाथ से निकल चुका था।

  • आक्रामक बल्लेबाज शिवम दुबे को 8वें नंबर पर उतारा गया, जो केवल 1 रन बना सके।

बदलाव का सिलसिला जारी

पिछले कुछ मैचों से टीम में नियमित पोजिशन ही नहीं दिख रही—

  • गिल की ओपनिंग पर लगातार प्रयोग,

  • तिलक वर्मा को 3, 4 और 5 नंबर पर घुमाना,

  • हार्दिक पंड्या को 5-6-7 पर खेलाना,

  • दुबे को 7-8 तक नीचे धकेलना।

इस अनिश्चितता की वजह से कोई भी बल्लेबाज अपने नैचुरल गेम में सेट नहीं हो पा रहा, जिसका असर रन चेज में साफ दिख रहा है।

T20 वर्ल्ड कप से पहले बढ़ी चिंता

2026 T20 वर्ल्ड कप करीब है, और टीम के अंदर रोल स्पष्ट न होने से चिंता बढ़ गई है। गौतम गंभीर का “फ्लेक्सिबिलिटी” वाला आइडिया सिद्धांत में भले मजबूत लगे, लेकिन फिलहाल यह रणनीति टीम को नुकसान पहुंचा रही है।

क्रिकेट विश्लेषक मानते हैं कि अब समय है कि खिलाड़ी अपनी स्थायी पोजिशन पर खेले और फिक्स्ड रोल दिए जाएं।

अब सबकी नजरें अगले मैच पर हैं— क्या टीम इंडिया इसी प्लान पर कायम रहेगी? या फिर आलोचना के बाद बल्लेबाजी क्रम में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे?

आने वाले मुकाबले यह तय करेंगे कि गंभीर की रणनीति टीम को मजबूती देगी या मुश्किलों में डालेगी।

Also Read: IND vs SA: 13 गेंद का एक ओवर… अर्शदीप सिंह की गेंदबाजी देख LIVE मैच में भड़क गए गौतम गंभीर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.