भारत में लांच हुई Ozempic, डायबिटीज के मरीजों के लिए बनेगी वरदान

Sandesh Wahak Digital Desk: दवा कंपनी नोवो नॉर्डिस्क ने भारत में अपनी चर्चित डायबिटीज दवा ओजेम्पिक (Ozempic) को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। इसे टाइप-2 डायबिटीज के इलाज के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, क्योंकि यह दवा लंबे समय से भारतीय बाजार में आने का इंतजार कर रही थी। कंपनी ने इसकी शुरुआती 0.25 एमजी साप्ताहिक डोज की कीमत 8,800 रुपये रखी है। यह एक प्री-फिल्ड इंजेक्शन पेन के रूप में उपलब्ध है, जिसे मरीजों को हफ्ते में सिर्फ एक बार लगाना होता है। देश में तेजी से बढ़ रहे डायबिटीज और मोटापे के मामलों को देखते हुए विशेषज्ञों ने इसे भारतीय मरीजों के लिए एक बड़ी राहत और आधुनिक चिकित्सा पद्धति की दिशा में अहम कदम बताया है।

CDSCO की मंजूरी के बाद बढ़ी उम्मीदें

भारत में ओजेम्पिक (Ozempic) की एंट्री का इंतजार तब और बढ़ गया था, जब केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन यानी CDSCO ने अक्टूबर में इसे टाइप-2 डायबिटीज वाले वयस्क मरीजों के लिए मंजूरी दे दी थी। मंजूरी के बाद से ही मेडिकल सेक्टर में इस दवा को लेकर काफी उत्सुकता रही और इसके लॉन्च को एक बड़ी उपलब्धि माना गया।

कैसे काम करती है ओजेम्पिक?

विशेषज्ञ बताते हैं कि ओजेम्पिक (Ozempic) का असर केवल ब्लड शुगर कंट्रोल तक सीमित नहीं रहता। यह शरीर में भूख को कम करने, शुगर लेवल को स्थिर रखने और लंबे समय में वजन प्रबंधन में भी मदद कर सकती है। चेलेरम डायबिटीज इंस्टीट्यूट के डॉ. उन्नीकृष्णन के अनुसार, यह दवा तभी सबसे अधिक प्रभावी होती है जब इसे नियमित एक्सरसाइज, संतुलित आहार और समय पर दवा लेने जैसी आदतों के साथ इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने चेताया कि इसे किसी त्वरित वजन घटाने वाली दवा के रूप में देखना गलती होगी, क्योंकि इसका उद्देश्य व्यापक डायबिटीज मैनेजमेंट है।

दिल और किडनी के लिए भी फायदेमंद

ओजेम्पिक को लेकर एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह सिर्फ ब्लड शुगर नहीं संभालती, बल्कि टाइप-2 डायबिटीज मरीजों में दिल और किडनी से जुड़ी जटिलताओं को कम करने में भी मदद कर सकती है। यही वजह है कि भारत में इसके लॉन्च को एक व्यापक स्वास्थ्य सुधार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

 

Also Read: लखनऊ: LDA बेचेगा शहर के सबसे महंगे प्लॉट, 15 दिसंबर से शुरु होगी ई-नीलामी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.