तीन दिवसीय भारत दौरे पर कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे लियोनेल मेसी, प्रशंसकों का उमड़ा जनसैलाब

Sandesh Wahak Digital Desk: अर्जेंटीना फुटबॉल टीम के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी आज शनिवार तड़के भारत दौरे पर कोलकाता पहुँचे, जहाँ उनके हजारों उत्साहित प्रशंसकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। मेसी के आगमन से पूरे शहर में जश्न का माहौल बन गया और प्रशंसक उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब दिखे।

मेसी शनिवार तड़के 3:23 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुँचे। एयरपोर्ट टर्मिनल से बाहर निकलते ही वे सीधे अपने होटल के लिए रवाना हो गए। इस दौरान एयरपोर्ट और रास्ते में तैनात उनके प्रशंसकों ने मेसी-मेसी के नारे लगाए।

मेसी के प्रशंसकों का उत्साह चरम पर था। एक फैन ने बताया, मैं उन्हें साफ-साफ नहीं देख पाया, लेकिन हाँ, मुझे पता है कि वह हम सभी को देख रहे थे। हमारे दिलों में जो एक्साइटमेंट है, उसे हम शब्दों में बयां नहीं कर सकते। एक अन्य फैन ने डिएगो माराडोना के आगमन को याद करते हुए कहा, 2008 में, जब डिएगो माराडोना आए थे, तो पूरा वीआईपी बाईपास खचाखच भरा हुआ था, और आज भी वैसा ही है क्योंकि फुटबॉल के दूसरे भगवान लियोनेल मेसी आ रहे हैं।

जीओएटी इंडिया टूर 2025′ के आयोजक शताद्रु दत्ता ने बताया कि मेसी का यह दौरा ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कहा, मेसी पहली बार अपनी 70 फुट लंबी प्रतिमा का उद्घाटन करेंगे; यह एक महत्वपूर्ण पल है। उद्घाटन वर्चुअली होगा। फीफा विश्व कप 2026 विजेता कप्तान मेसी का यह भारत दौरा तीन दिन (13 से 15 दिसंबर) का है, जिसमें वह चार बड़े शहरों का दौरा करेंगे और एक मैत्री मैच में भी हिस्सा लेंगे।

आज का कार्यक्रम

कोलकाता में शनिवार की सुबह मेसी का मीट-एंड-ग्रीट सेशन शुरू होगा। इसके बाद 70 फुट लंबे स्टैच्यू का वर्चुअल अनावरण होगा। इसके बाद वे युवा भारती क्रीड़ांगन जाएँगे। इस दौरान उनके साथ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, अभिनेता शाहरुख खान और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली मौजूद रह सकते हैं।

मेसी सॉल्ट लेक स्टेडियम में एक फ्रेंडली मैच भी खेलेंगे, जिसके लिए 78,000 सीटें सुरक्षित रखी गई हैं और टिकटों की कीमत 7,000 रुपए तक है। कोलकाता के कार्यक्रम के बाद, मेसी दोपहर 2 बजे हैदराबाद के लिए रवाना हो जाएँगे। वहाँ राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में वह एक प्रदर्शनी मैच में शामिल होंगे, जिसमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे।

Also Read: उन्नाव में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और ऑटो की टक्कर में 3 की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.