कथित वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस की दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली

Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस पार्टी कथित वोट चोरी और चुनाव प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में यह रैली आयोजित की गई है, जो पार्टी के व्यापक वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान का हिस्सा है।

कांग्रेस का दावा है कि चुनाव प्रक्रिया में सरकार और चुनाव आयोग की मिलीभगत है, जिसके खिलाफ जनता को जागरूक करने और सरकार पर दबाव बनाने के लिए यह रैली बुलाई गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मौके पर मोदी सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सदन में विपक्ष के सवालों के जवाब नहीं दिए और गलत जानकारियाँ पेश कीं।

खरगे ने कहा, राहुल गांधी ने सबूतों के साथ ये बताया है कि देश में वोट चोरी हो रही है। देश की जनता BJP को नहीं चुन रही, लेकिन फिर भी ये सारे नियमों को दरकिनार कर ‘वोट चोरी’ की सरकार बना रहे हैं।

BJP का पलटवार, रोते रहिए पर आपको वोट नहीं मिलेगा

कांग्रेस की इस रैली और उनके आरोपों पर भाजपा ने तुरंत पलटवार किया है। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और राजद (RJD) को यह सोचना चाहिए कि उन्हें जनता वोट क्यों नहीं देती। रविशंकर प्रसाद ने कहा, आपको वोट इसलिए नहीं मिलता क्योंकि जनता ने नीतीश कुमार, नरेंद्र मोदी का काम देखा है, भारत का विकास देखा है। आप रोते रहिए पर आपको वोट नहीं मिलेगा। रैली में हुई नारेबाजी पर उन्होंने निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, हम इसकी बहुत निंदा करते हैं।

JDU मंत्री ने बताया नौटंकी

बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन (JDU) ने कांग्रेस की इस रैली को ज्यादा महत्व न देते हुए इसे नौटंकी बताया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, करने दीजिए, इससे क्या फर्क पड़ता है? जब कुछ नहीं रहता है तब वे इस तरह की नौटंकी करते हैं। वे नौटंकीबाज़ नेता हैं, उन्हें करने दीजिए।

Also Read: कौन बनेगा ICC वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर? कोहली को इन दिग्गज खिलाड़ियों से मिल रही कड़ी टक्कर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.