Lakhimpur Kheri News: छात्रा से गैंगरेप मामले में बड़ी कार्रवाई, लापरवाही पर SHO और चौकी इंचार्ज समेत 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड
Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में एक नाबालिग छात्रा के साथ हुए जघन्य अपराध ने पूरे इलाके को दहला दिया है। इस मामले में पुलिस की ढिलाई और गश्त में लापरवाही को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) संकल्प शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। एसपी ने फरधान के थाना प्रभारी (SHO), चौकी इंचार्ज और एक सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना सोमवार सुबह की है। फरधान थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 17 वर्षीय किशोरी अपनी सहेली के साथ साइकिल से कोचिंग जा रही थी। लखीमपुर-बेहजम रोड पर कैमासुर गांव के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि ये दरिंदे छात्राओं को जबरन सड़क किनारे गन्ने के खेत में खींच ले गए। वहां एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़िता के विरोध के बावजूद आरोपियों ने हैवानियत की हदें पार कर दीं और मौके से फरार हो गए।
वारदात के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त न होने पर एसपी ने कड़ा एक्शन लिया। एसपी ने एसएचओ, फरधान दयाशंकर द्विवेदी, लीलाकुआं चौकी इंचार्ज संदीप यादव और बीट सिपाही रामबली को सस्पेंड कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा का कहना है कि महिला सुरक्षा के प्रति किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने अब तक कई संदिग्धों को उठाया है, जिनसे मिली जानकारी के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के बेहद करीब हैं और जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे।

