Lucknow News: भातखंडे के मंच पर सीएम योगी का मालिनी अवस्थी से हंसी-मजाक, बोले- अवस्थी जी कहां हैं
Lucknow News: अपनी गंभीर छवि के लिए जाने जाने वाले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक मजाकिया अंदाज गुरुवार को लखनऊ में देखने को मिला। मौका था प्रतिष्ठित भातखंडे राज्य संस्कृति विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष (100 साल) समारोह का।
मंच पर जब मशहूर लोक गायिका मालिनी अवस्थी सम्मान लेने पहुंचीं, तो सीएम योगी ने उनसे मुस्कराते हुए उनके पति और पूर्व आईएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी के बारे में पूछ लिया, जिससे पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।
विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के दौरान जब सीएम योगी ने मालिनी अवस्थी को पुरस्कार दिया, तो उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में पूछा, अवस्थी जी कहां हैं? आप अकेले आई हैं? मुझे तो उन्होंने ही इस समारोह की सूचना दी थी और अब खुद ही गायब हो गए।
इतना ही नहीं, सीएम ने चुटकी लेते हुए आगे कहा कि अवनीश अवस्थी भी मालिनी जी की तरह ही एक ‘बेहतरीन कलाकार’ हैं। मुख्यमंत्री की इस हाजिरजवाबी ने कार्यक्रम के माहौल को खुशनुमा बना दिया।

भातखंडे विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के 100 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है। इस ऐतिहासिक मौके पर सीएम योगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सीएम ने रिमोट के जरिए विश्वविद्यालय का दशकों पुराना 15 पैसे का डाक टिकट दिखाकर पुरानी यादें ताजा कीं। मालिनी अवस्थी के अलावा कथक नृत्यांगना पूर्णिमा पांडेय सहित चार पूर्व छात्रों को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
इस भव्य समारोह की विशिष्ट अतिथि प्रख्यात नृत्यांगना पद्म विभूषण डॉ. सोनल मानसिंह रहीं। साथ ही, लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और कई विधायक व अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भातखंडे विश्वविद्यालय के योगदान की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बताया।
Also Read: दिल्ली में आज से नो पीयूसी, नो फ्यूल, बिना सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल

