Unnao News: कार में भरकर चुरा ले गए 36 मुर्गियां, पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में पकड़ा चोर

Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। आमतौर पर चोर गहने या नकदी पर हाथ साफ करते हैं, लेकिन यहाँ चोरों ने एक मुर्गी फॉर्म को निशाना बनाया और मुर्गियों को ले जाने के लिए लग्जरी कार का इस्तेमाल किया।

मामला फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के सुभाष नगर का है। यहाँ के रहने वाले शरीफ अहमद का अपना एक मुर्गी फॉर्म है। शरीफ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 दिसंबर की रात कुछ अज्ञात चोरों ने उनके फॉर्म का जाल काट दिया और वहां से 36 मुर्गियां चोरी कर लीं। मुर्गियों की इतनी बड़ी संख्या में चोरी होने से इलाके के किसान भी चिंतित हो गए थे।

कार की डिग्गी खोलते ही चौंक गई पुलिस

शिकायत मिलते ही पुलिस एक्टिव हुई और घेराबंदी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने चिरंजूपुरवा गांव के रहने वाले 30 वर्षीय सरोज को रोका। जब पुलिस ने उसकी कार की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देख सब दंग रह गए। आरोपी ने कार की डिग्गी और सीटों के पास 36 जिंदा मुर्गियों को बेरहमी से ठूंस-ठूंस कर भर रखा था। पुलिस ने तुरंत सरोज को गिरफ्तार कर लिया और कार के साथ सभी मुर्गियां बरामद कर लीं।

पूछताछ में पता चला कि सरोज इस वारदात में अकेला नहीं था। उसके दो और साथियों ने इस चोरी में उसकी मदद की थी, जो पुलिस को देखते ही भाग निकले। पुलिस ने सरोज को जेल भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Also Read: माता -पिता कर रहे जवान बेटे की इच्छामृत्यु की मांग, सुप्रीम कोर्ट अब लेगा फैसला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.