सिद्धार्थनगर: बाइक सवार नकाबपोश लड़की ने मेडिकल स्टोर के काउंटर से उड़ाए हजारों रुपये,CCTV में कैद
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जनपद में बढ़ती ठंड के साथ ही अपराधियों के हौसले भी बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय के ऑफिसर्स कॉलोनी (वार्ड नंबर 19), हुसैनगंज का है, जहां दिनदहाड़े एक मेडिकल स्टोर के काउंटर से नकदी चोरी होने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

वारदात का विवरण
हुसैनगंज उसका रोड पर स्थित ‘उमराव मेडिकल स्टोर’ के मालिक फूलचंद पुत्र मनीराम के अनुसार, घटना 17 दिसंबर 2025 की सुबह लगभग 10 बजे की है। फूलचंद अपनी दुकान खोलकर कुछ देर के लिए घर के अंदर गए थे। जब वे वापस लौटे, तो काउंटर में रखी लगभग 5 हजार रुपये की नकदी गायब थी।
घर के सदस्यों से पूछताछ के बाद जब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, तो सच सामने आया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक बाइक सवार लड़की दुकान के पास रुकती है। उसने चेहरे पर नकाब (मास्क) लगा रखा था। वह तेजी से दुकान के अंदर दाखिल होती है और काउंटर से नकदी निकाल कर फरार हो जाती है।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल से जेल चौकी मात्र कुछ ही दूरी पर स्थित है। पास ही में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा भी है, जहाँ सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं। इतने सुरक्षित और वीआईपी क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की इस घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
पीड़ित फूलचंद ने सीसीटीवी फुटेज के साथ थाना सिद्धार्थनगर और जेल चौकी प्रभारी अनिरुद्ध कुमार सिंह को लिखित तहरीर सौंप दी है।
“मामला हमारे संज्ञान में है और सीसीटीवी फुटेज प्राप्त कर ली गई है। संदिग्धों की पहचान की जा रही है। जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होगा और चोरी की गई राशि बरामद कर ली जाएगी।”
अनिरुद्ध कुमार सिंह, जेल चौकी प्रभारी
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: बुंदेलखंड में बड़ा बीमा घोटाला: बीडा की अधिग्रहित जमीन पर जालसाजों ने हड़पे 4.26 करोड़

